दूल्हे ने दिखाई गजब की समझदारीः बरात आने से पहले प्रेमी संग फरार हुई दुल्हन, फिर भी बजी शहनाई!


जौनपुर।
जिले के एक गांव में बरात आने से पहले ही दुल्हन (युवती) गहने और पैसे लेकर प्रेमी के साथ फरार हो गई। इसकी जानकारी जब परिवार के लोगों को हुई तो आननफानन बरात पक्ष से बात कर फरार हुई युवती की मौसेरी बहन से उसी तिथि में शादी कराई गई। शनिवार को युवती के पिता ने थाने में तहरीर दी। गांव के ही एक युवक पर बेटी को भगा ले जाने का आरोप लगाया।


मामला गुरुवार का है। एक गांव निवासी युवती की शादी तय थी। बरात की तैयारी चल रही थी। फेरों के लिए मंडप को सजाया जा रहा था। शाम को बरात आनी थी, लेकिन अलसुबह ही वह फरार हो गई। घर वालों को पता चला तो हड़कंप मच गया। पहले खोजबीन हुई, जब पता नहीं चला तो बरात पक्ष को फोन करके जानकारी दी गई।


हालांकि बरात पक्ष ने भी समझदारी दिखाई और बात आगे बढ़ने से पहले ही दोनों पक्षों से आपसी सहमति से मामले को हल कर लिया। जो युवती भागी थी, उसकी मौसेरी बहन से शादी उसी तिथि में करा दी गई। पुलिस के अनुसार, पता चला है कि युवती का अपने ही गांव के एक युवक से काफी दिनों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन एक ही गांव के व अंतरजातीय होने के कारण दोनों के परिजन शादी करने को तैयार नहीं थे। शादी के दिन ही भोर में दोनों फरार हो गए। युवती अपने साथ शादी के गहने भी लेकर गई। थाना प्रभारी पंवारा राज नारायण चौरसिया ने बताया कि युवती के पिता की तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments