सोनभद्र। जिले के ओबरा स्थित राजकीय पीजी कॉलेज में बने मतगणना स्थल पर शुक्रवार को पिकअप से मतपेटी और कागज से भरे बोरे पहुंचने पर प्रत्याशियों व समर्थकों ने जमकर हंगामा मचाया। मतगणना में धांधली की आशंका जताते हुए वह पिकअप को अंदर न जाने देने की जिद पर अड़ गए। मामला बिगड़ता देख मौके पर पहुंचे एसडीएम ने मतपेटी और बोरी को खोलकर दिखाया। इसके बाद हंगामा मचा रहे लोग शांत हुए। ओबरा पीजी कॉलेज में चोपन, डाला और ओबरा नगर पंचायत के मतों की गिनती होनी है। मतदान के बाद तीनों निकायों की मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा के बीच यहां बने स्ट्रांग रूम में सील किया गया है। बाहर कड़ा पहरा लगाया गया है। प्रत्याशी और उनके समर्थक भी मतगणना स्थल के बाहर से निगरानी कर रहे हैं।
शुक्रवार दोपहर में मतगणना स्थल पर कुछ सामान लेकर एक पिकअप पहुंची तो उसे बाहर खड़े कुछ प्रत्याशी और उनके समर्थकों ने रोक लिया। पिकअप के अंदर मतपेटी और बोरे में कुछ अभिलेख देख वह भड़क गए। मतगणना में धांधली की आशंका जताते हुए हंगामा मचाने लगे। कुछ ही देर में अन्य प्रत्याशी भी वहां पहुंच गए। विवाद को तूल पकड़ता देख प्रशासन भी हरकत में आया। तत्काल एसडीएम प्रभाकर सिंह, नायब तहसीलदार रजनीश यादव फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। हंगामा मचा रहे लोगों से वार्ता की। मतपेटी और बोरी को खोलकर दिखाया। जांच के दौरान पांचों मतपेटी खाली मिलीं। वहीं बोरे में 13 मई को होने वाली मतगणना में उपयोग होने वाली स्टेशनरी सामग्री पाई गई। इसके बाद लोग शांत हुए। एसडीएम ने बताया कि अफवाह के चलते भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई थी, जिसे दूर कर दिया गया।
सोनभद्र जिले की 10 निकायों में नगर की नई सरकार चुनने के लिए गुरुवार को हल्की नोकझोंक के बीच शांतिपूर्ण मतदान हुआ। तीखी धूप और गर्मी के बावजूद कई इलाकों में मतदाताओं ने मतदान का फर्ज निभाने में सुस्ती नहीं बरती। शाम छह बजे तक जिले में कुल 51.38 प्रतिशत मतदान हुआ था। महिलाओं और युवाओं ने पहले मतदान करने में रुचि दिखाई। जिले के दस निकायों में अध्यक्ष और सदस्य पद के लिए कुल 1012 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इसमें नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए सात उम्मीदवारों के बीच जोर-आजमाइश है। यहां के 25 वार्डों से 146 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। अन्य नौ नगर पंचायतों से अध्यक्ष पद पर 91 उम्मीदवार हैं। उम्मीदवारों की सबसे अधिक संख्या अनपरा में है, जहां 28 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इसके अलावा सदस्य के 119 पदों पर 768 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होना है।

0 Comments