लाठी से पीट-पीट कर मार डाला....
कंधरापुर के नामदारपुर गांव निवासिनी सुनीता (40) की गांव निवासी मुन्ना से दूसरी शादी हुई थी। पहले पति से सुनीता के दो पुत्र व एक पुत्री थे। मुन्ना से शादी के बाद भी उसे दो पुत्रियां हुई। शुक्रवार की रात लगभग करीब दस बजे बगल में चल रहे गोदभराई के कार्यक्रम में डीजे की धुन पर नाच गाना चल रहा था। सुनीता भी डीजे पर डांस कर रही थी। बताया जा रहा है कि पत्नी को डांस करता हुआ देख पति मुन्ना राम आग बबूला हो गया, वह अपनी पत्नी को वहां से पकड़ कर घर ले गया। घर में रखे लाठी से उसने पत्नी पर कई वार कर दिए। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद मुन्ना घर से फरार हो गया। सूचना पर सुनीता का देवर सुग्रीव मौके पर पहुंचा और उसे लेकर प्राइवेट अस्पताल चला गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सुनीता को मृत घोषित कर दिया।
इस बीच सूचना पुलिस को भी दे दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। वहीं पुलिस ने आरोपित पति मुन्ना को हिरासत में लेकर थाने चली गई। जहां उससे घटना को लेकर पूछताछ करने में पुलिस जुटी है। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। सुनीता के पहले पति के तीन व मुन्ना के दो बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया कि पत्नी-पति में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस विवाद के बाद पति ने नशे में पति ने पत्नी को लाठी से पीट-पीट कर मार डाला। आरोपित पति को हिरासत में लेकर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
0 Comments