लखनऊ। आईएमडी ने शनिवार को कहा कि अगले पांच दिनों तक देश के ज्यादातर हिस्सों में लोगों को भीषण गर्मी की स्थिति से राहत मिलने के संकेत हैं। विभाग ने कहा कि चक्रवाती हवाओं का एक क्षेत्र बना हुआ है। निजी मौसम एजेंसी ‘स्काईमेट वेदर’ ने कहा कि एक और कम दबाव का क्षेत्र (ट्रफ) भी बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि ‘ट्रफ’ से आमतौर पर बादल छाते है और बारिश होती है, जिससे तापमान में गिरावट आती है।
आईएमडी ने कहा, ‘‘अगले पांच दिनों के दौरान भारत के ज्यादातर हिस्सों में लू की कोई स्थिति नहीं है।’ विभाग ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रविवार को धूल भरी आंधी चलने का अनुमान है। वहीं राज्य के कुछ जिलों में पूरे दिन बादल छाए रहने की संभावना है। कई जगहों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। हालांकि बीते दो दिनों से कई जगहों पर हुई हल्की बारिश के कारण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। रविवार को भी तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, शनिवार सबसे अधिक 40.7 डिग्री सेल्सियस तापमान प्रयागराज में दर्ज किया गया। जिसके बाद वाराणसी, आजमगढ़ और लखीमपुर खीरी में 40 डिग्री तापमान रहा। वहीं लखनऊ और आगरा में अधिकतम तापमान क्रमशः 34.4 डिग्री और 37.9 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि सुल्तानपुर में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले राज्य के ज्यादातर जिलों में पारा 44 डिग्री सेल्सियस पार कर गया था, बीते दिनों में प्रयागराज 44.5 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म जिला रहा है।
उन्होंने अनुमान जताया कि प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। हालांकि बीते दो दिनों में हुई हल्की बारिश के कारण लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। अगले दो दिनों तक मौसम में गर्मी राहत मिलते रहेगी। लेकिन अगले सप्ताह फिर से तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। संभावना जताई जा रही है कि इस सप्ताह के अंत तक फिर से तापमान 45 डिग्री के आसपास जा सकता है।

0 Comments