लखनऊ।
उत्तर प्रदेश में शनिवार को पारंपरिक उत्साह के साथ ईद का पर्व मनाया जा रहा है। ईद पर सीएम योगी आदित्यनाथ और अखिलेश यादव समेत कई बड़े नेताओं ने शुभकामना संदेश दिया है। लखनऊ में ईद के पर्व को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। इस दौरान समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव भी ऐशबाग स्थित ईदगाह पहुंचे। जबकि ईदगाह में जाने वाले नेताओं में दानिश आजाद अंसारी, ब्रजेश पाठक और ब्रजलाल खाबरी भी रहे।

पूरे देश में ईद परंपरागत तरीके से और हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही है। मुस्लिम समाज के लोगो ने शनिवार सुबह ईदगाह और मस्जिदों में नमाज पढ़कर मुल्क की तरक्की और अमन के लिए दुआएं मांगी। लखनऊ में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ईदगाह पर मुस्लिम समाज के लोगों को बधाई देने के लिए पहुंचे। इस मौके पर उनके साथ कई पदाधिकारी मौजूद रहे। ईद उल फितर का त्यौहार पूरी अकीदत और एहतराम के साथ मनाया गया। ईदगाह में सुबह नौ बजे नमाज अदा की गई। 

सभी ने मुल्क में अमन-चैन कायम करने और तरक्की की दुआ मांगी। सभी ने गले मिलकर एक दूसरे को खुशियों के त्योहार मुबारकबाद दी। इस मौके पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रही। पुलिस और प्रशासन के बड़े अधिकारी लगातार गश्त करते रहे। सुबह जामा मस्जिद में लोगों ने ईद की नमाज पढ़कर मुल्क में अमन चैन की दुआ मांगी और बाद में गले लगकर एक दूसरे को ईद की बधाई दी।