यूपी की इस जेल में अनोखी मिसाल: मुस्लिम कैदी कर रहे नवरात्रि का व्रत तो हिंदू रख रहे रोजा


आगरा। जिले के केंद्रीय कारागार में सांप्रदायिक सद्भाव और भाईचारे का प्रदर्शन करते हुए मुसलमान कैदी जहां नवरात्रि का व्रत कर रहे हैं, वहीं हिंदू बंदी रमजान के दौरान रोजे रख रहे हैं। हिंदुओं का नौ दिन का त्योहार चैत्र नवरात्रि बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। नवरात्रि 22 मार्च से शुरू हुई है और 30 मार्च को रामनवमी का त्योहार है। वहीं, रोजे शुक्रवार 24 मार्च से शुरू हुए हैं। केंद्रीय कारागार के उपमहानिरीक्षक प्रभारी राधा कृष्ण मिश्रा ने बताया कि मुसलमान कैदी नवरात्रि का व्रत रख रहे हैं और मंदिर परिसर में आयोजित भजन कार्यक्रम में भी हिस्सा ले रहे हैं। वहीं, हिंदू बंदी रोजे रख रहे हैं। यह अच्छा विचार है, जहां दोनों धर्मों के कैदी हिंदू-मुस्लिम भाईचारे का संदेश दे रहे हैं।

जहां एक तरफ देश के कई इलाकों से आए दिन धर्म, जाति और मजहब को लेकर तनाव और हिंसा की खबरें आती रहती हैं तो वहीं जेल में कैदियों द्वारा ऐसा करने से समाज में अच्छा संदेश जाएगा। यह हिंदू-मुस्लिम के नाम पर नफरत की खाई पैदा करने वालों को करारा जवाब भी है। आगरा जेल में भी सभी को अपने धर्म और मान्यताओं के अनुसार अपने त्योहार मनाने का अधिकार है। त्योहार मनाते हुए कैदियों के चेहरे पर खुशी भी साफ तौर पर देखी जा सकती है। सभी कैदी एक दूसरे से त्योहारों की खुशियां बांटते नजर आए।


जेलर के मुताबिक आगरा जेल में इस समय 905 कैदी हैं, जिनमें से 17 मुस्लिम कैदियों ने नवरात्रि पर व्रत रखा है, जबकि 37 हिंदू कैदी रोजा रख रहे हैं। यहां मुस्लिम कैदी भागवत कथा भी सुन रहे हैं। बता दें कि चैत्र नवरात्रि पर देशभर के मंदिरों में श्रद्धलुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। सुबह से ही मंदिरों में पूजा करने के लिए लोगों की लंबी लाइनें लगी हुई हैं। आज यानी 27 मार्च को नवरात्रि का छठां दिन है। छठें दिन मां कात्यायनी की पूजा की जाती है। पूरे देश में यह त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments