बरेली। जिले के इज्जतनगर के हिस्ट्रीशीटर रोहित सक्सेना ने हापुड़ के एसपी अभिषेक वर्मा को कॉल कर 10 लाख की रंगदारी मांगी और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद हापुड़ पुलिस की टीम रोहित को पकड़कर ले गई। बरेली में तैनाती के दौरान वर्मा ने रोहित को जेल भिजवाया था। हापुड़ पुलिस के मुताबिक बरेली के थाना इज्जतनगर के हिस्ट्रीशीटर रोहित सक्सेना द्वारा एसपी अभिषेक वर्मा के सरकारी नंबरों पर कॉल कर जान से मारने की धमकी दी गई। जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया। रंगदारी मांगी गई और न देने पर फर्जी फेसबुक पोस्ट से बनाकर बदनाम करने की धमकी दी गई। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है।
हेड कांस्टेबल अनुज कुमार ने रिपोर्ट में बताया कि वह पुलिस कार्यालय में टेलीफोन ड्यूटी पर तैनात हैं। 28 फरवरी को एक नंबर से कॉल कर व्यक्ति ने अपना नाम रोहित सक्सेना बताया। आरोपी ने एसपी अभिषेक वर्मा से बात कराने को कहा। कारण पूछने पर आरोपी ने अभद्रता शुरू कर दी। धमकी दी कि एसपी से दस लाख रुपये रंगदारी चाहिए। ऐसा न करने पर एसपी और उनके परिवार को मौत के घाट उतारने की धमकी दी। इसकी जानकारी अनुज ने एसपी को दी। 28 फरवरी को रोहित ने एसपी के सीयूजी नंबर पर भी कॉल की थी। कॉल एसपी के पीआरओ देवेंद्र बिष्ट ने उठाई। आरोपी ने कॉल पर एसपी को अपशब्द कहे। आरोपी ने गाली-गलौज कर सरकारी कार्य में बाधा डाली।
इज्जतनगर थाना प्रभारी अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर रोहित सनकी स्वभाव का है। उस पर रंगदारी, दुष्कर्म, धमकी देने तथा आईटी एक्ट के दर्जन भर मुकदमे बरेली, रामपुर, मुरादाबाद व उत्तराखंड के हरिद्वार में दर्ज हैं। पहले मुरादाबाद के थाना पाकबाड़ा में भी महिला पुलिसकर्मियों को लेकर उसने अभद्र टिप्पणी की थी। एसपी हापुड़ अभिषेक वर्मा ने बताया कि बरेली तैनाती के दौरान कई हिस्ट्रीशीटरों व बदमाशों पर कार्रवाई की थी। उनमें रोहित सक्सेना भी शामिल था। वह क्यों बार बार मुझे व स्टॉफ को कॉल कर धमका रहा था, उसकी गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही पता चल सकेगा।

0 Comments