फिरोजाबाद। जिले में कुत्ते द्वारा गंदगी करने के मामले पर दबंगों ने वृद्ध की पीट-पीटकर हत्या कर दी। साथ ही उसकी बहू हमले में घायल हो गई। इससे गांव में दहशत फैल गई। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना एसपी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों से बात करके जानकारी जुटाई। एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है। मामला फरिहा थाना क्षेत्र के रखावली गांव का है।
गांव निवासी धर्मपाल और किशनलाल का घर आमने-सामने है। धर्मपाल के दरवाजे पर एक कुत्ता गदंगी कर गया था। धर्मपाल, उसकी पत्नी मीरा देवी व पुत्र आशीष उर्फ ईलू ने गाली-गलौज शुरू कर दिया। किशनपाल (65) व उसकी पुत्रवधु विरमा देवी ने दरवाजे पर इस तरह गाली गलौज करने का विरोध किया। यह बात धर्मपाल व उसके परिजन को नागवार गुजरी। उन्होंने किशनलाल को देख लेने की धमकी दी और घर के अंदर गए। घर से फावड़ा, लोहे की राड तथा डंडे निकालकर चढ़ाई बोल दी। उन्होंने किशनलाल की पीट-पीट कर हत्या कर दी। आरोपियों ने किशनलाल की पुत्रवधु विरमादेवी पर भी डंडे से हमला किया। इससे वह भी घायल हो गई।
वृद्ध की हत्या की सूचना पर एसपी ग्रामीण कुमार रणविजय सिंह और थाना प्रभारी शिवभान सिंह राजावत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष एका अंजीश कुमार, नारखी थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार पांडेय को बुला लिया गया। साथ ही फिंगर प्रिंट की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। वहीं धर्मपाल की पुत्रवधु विरमादेवी का डॉक्टरी परीक्षण कराया गया है।
किशनपाल के बेटे राधाचरन ने तीन लोगों के खिलाफ पुलिस को नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने मीरादेवी को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसपी ग्रामीण कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि कुत्ते द्वारा धर्मपाल के दरवाजे पर गदंगी करने को लेकर झगड़ा हुआ था। वृद्ध की मौत हुई है। हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

0 Comments