दरअसल, शिवपाल सिंह यादव ने रविवार को चार तस्वीरें शेयर की हैं। इसमें से कुछ तस्वीर लखनऊ स्थित हजरत मखदूम शाहमीना शाह की दरगाह की हैं। जहां पर चाचा शिवपाल सिंह यादव ने चादरपोशी की और उसके बाद दुआ करते नजर आए। इसकी तस्वीरें उन्होंने अपने ट्विटर पर शेयर की है। बात यहीं खत्म नहीं हुई। सपा नेता ने अजमेर शरीफ दरगाह पर चादर भिजवाई है। इस लिहाज से देखा जाए तो अब वे नेताजी की राह पर दिख रहे हैं। इससे पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी अजमेर स्थित विश्व प्रसिद्ध गरीब नवाज हजरत ख्वाजा मोईनुद्दीन हसन चिश्ती की दरगाह के लिए चादर भेजवाई थी।
अजमेर दरगाह शरीफ में उर्स मेले के दौरान मुलायम सिंह यादव भी चादर भेजते थे। अब उनके निधन के बाद नेताजी की यह परंपरा उनके बेटे अखिलेश यादव और शिवपाल सिंह यादव निभाते हुए नजर आ रहे हैं। लेकिन राजनीतिक पंडित इसे चुनाव और वोट के नजरिए से देख रहे हैं। लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी पसमांदा मुसलमानों को रिझाने का प्रयास कर रही है। दूसरी ओर देखा जाए तो सपा नेता भी अपने पुराने समीकरण को मजबूत करने की कोशिश में लगे हुए हैं। इसका संकेत स्पष्ट रुप से ये तस्वीरें दे रही हैं। अगर इन तस्वीरों को संकेत के तौर पर देखा जाए तो बीजेपी के खिलाफ सपा फिर से एमवाई के अपने पुराने समीकरण को दुरुस्त करने का पूरा प्रयास कर रही है।


0 Comments