लग्न समारोह में तंदूरी रोटी को लेकर वर-वधू पक्ष में जूतम पैजार... और फिर!


अमरोहा।
जिले की डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव में लग्न समारोह के दौरान तंदूरी रोटी में मिट्टी देखकर लड़की पक्ष के लोग भड़क गए। जिसके बाद लड़के और लड़की पक्ष के लोगों में जमकर मारपीट हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और बिगड़ते हालात को संभाला। मारपीट में छह लोग घायल हो गए, जबकि पुलिस ने महिला समेत चार लोगों के खिलाफ एनसीआर दर्ज की है। वहीं दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है।

क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान की बेटी का रिश्ता पड़ोस के गांव निवासी युवक के साथ हुआ है। दोनों परिवारों के बीच शादी की तैयारियां चल रही हैं। शादी के लिए 27 जनवरी तारीख तय है। ऐसे में गुरुवार को लड़की पक्ष के लोग लड़के वालों के घर लग्न रिश्ता लेकर गए थे। शाम के समय तिलक समारोह के बाद लड़की पक्ष के लोग खाना खा रहे थे। तभी लड़की पक्ष के लोगों ने तंदूरी रोटी में मिट्टी होने का दावा किया।

जबकि लड़के पक्ष रोटी साफ होने की बात कर रहे थे। बस इसी बात को लेकर दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई। मारपीट में विपिन, लोकेश, अंकित, सोमित, अंकुर और चरन सिंह घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।

पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा कर मामला शांत कर दिया। देर रात लड़की के पिता की तहरीर पर पुलिस ने गंगा शरन, मनदीप, भूरी और कलुआ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच पंचायत का दौर चला। इसके बाद सामाजिक लोगों की मौजूदगी में समझौता हो गया।

Post a Comment

0 Comments