विद्युत जांच करने पहुंचे जेई पर स्वर्ण व्यवसायी ने तानी राइफल-देखे वीडियो...


बलिया। नगरा बाजार में बिजली विभाग के अवर अभियंता तारकेश्वर यादव के साथ स्वर्ण आभूषण व्यापारी ने जमकर मारपीट की. व्यापारी ने बिजलीकर्मियों पर राइफल भी तानी. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. घटना से आक्रोशित बिजली कर्मचारियों ने थाने पहुंचकर तहरीर दी थी.


दरअसल, सोमवार की शाम बाजार में शिविर समाप्त होने के बाद जेई अन्य कर्मचारियों के साथ प्रकाश आभूषण भंडार पर पहुंचे. वे बिजली बिल बकाए तथा अधिभार की जांच करने लगे. इसको लेकर व्यवसायी अमरेंद्र बाबू के साथ विवाद बढ़ गया. व्यवसायी ने जेई की पिटाई शुरू कर दी. यह देख अन्य बिजलीकर्मी जब उग्र हुए तब स्वर्ण व्यवसायी ने लाइसेंसी राइफल निकालकर सभी को खदेड़ दिया. जानकारी के बाद पुलिस ने जेई का उपचार कराया.

थानाध्यक्ष देवेंद्रनाथ दूबे ने कहा कि जेई संग मारपीट की घटना हुई है. असलहा से डराने की जांच होगी. तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है. वहीं बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता ने पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर आरोपित का शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की मांग की है. घटना से बिजलीकर्मियों में आक्रोश व्याप्त है. वहीं स्वर्ण व्यवसायी अमरेंद्र बाबू ने कहा कि राइफल दिखाने की बात निराधार है. जेई जबरन घर में घुस गए तब हाथापाई हुई. हालांकि वायरल वीडियो में पूरी वारदात कैद है और यह वीडियो वायरल भी हो रहा है.

Post a Comment

0 Comments