निस्तारण गुणवत्तापूर्ण हो, ताकि बार-बार आने जरूरत न पड़ेः मण्डलायुक्त
आज़मगढ़। मण्डलायुक्त मनीष चौहान एवं डीआईजी अखिलेश कुमार ने सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर शनिवार को तहसील निजामाबाद में आम जन से उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया। इस दौरान अधिकारियों के समक्ष कुल 33 प्रकरण प्रस्तुत हुए, जिसमें राजस्व के 27, पुलिस के 2, विकास 3 तथा आपूर्ति का 1 प्रकरण सम्मिलित है। प्रस्तुत प्रकरणों में 3 का मौके पर निस्तारण किया गया।
मण्डलायुक्त श्री चौहान के समक्ष कतिप ऐसे प्रकरण प्रस्तुत किये गये जिसमें फरियादी द्वारा बताया गया कि पूर्व में भी प्रश्नगत प्रकरण प्रस्तुत किये जा चुके हैं, परन्तु निस्तारण की कार्यवाही से वे सहमत नहीं हैं। इस सम्बन्ध में उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्रों का निस्तारण में पूरी गंभीरता से किया जाये तथा जो भी निस्तारण हो वह गुणवत्तायुक्त हो, ताकि फरियादियों को एक ही प्रकरण लेकर बार बार आने की आवश्यकता न पड़े। आगाह किया कि समस्याओं के निस्तारण में शिथिलता, उदासीनता किसी भी दशा में क्षम्य नहीं की जायेगी।
उन्होंने उपजिलाधिकारी निजामाबाद को निर्देशित किया कि 8 अनुपस्थित अधिकारियों का स्पष्टीकरण प्राप्त कर प्रस्तुत करें ताकि तदनुसार इस सम्बन्ध में अग्रेतर कार्यवाही कराई जा सके। जिसमें सहायक अभियन्ता जल निगम, सहायक अभियन्ता लोक निर्माण विभाग, बीडीओ तहबरपुर, एसएचओ तहबरपुर, एडीओ पंचायत रानी की सराय व मुहम्मदपुर तथा कृषि एवं मत्स्य विभाग के अधिकारी सम्मिलित हैं। वहीं डीआईजी अखिलेश कुमार ने निर्देश दिया कि शांति व्यवस्था बनाये रखने हेतु क्षेत्रों में पेट्रोलिंग निरन्तर की जाय तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर भी सतर्क नजर बनाये रखी जाय। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी रवि कुमार, तहसीलदार राजू कुमार सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

0 Comments