गुरु जी को तीसरी शादी रचानी पड़ी भारी...पहली पत्नी पहुंची थाने तो दूल्हे राजा हुए फरार


मैनपुरी। जिले में पेशे से शिक्षक धर्मेन्द्र कुमार यादव को एक के बाद दूसरी, दूसरी के बाद तीसरी शादी रचाने का शौक लग गया. गुरुजी का दिल पहली पत्नी से नहीं भरा तो उन्होंने दूसरी शादी रचा ली. उससे मन भर गया तो तीसरी शादी कर ली लेेेकिन तीसरी शादी की बात पता चलते ही पहली पत्नी भड़क गई. वह सीधे थाने पहुंची. गुरुजी के खिलाफ केस दर्ज करा दिया. केस दर्ज होते ही नए नवेले दूल्हेराजा यानी गुरुजी फरार हो गए हैं. पुलिस उनकी तलाश में जुटी है.

दरअसल, मैनपुरी के बेवर थाना क्षेत्र के ग्राम किशनपुर निवासी छोटेलाल की बेटी सोनी कानपुर नगर में महिला सिपाही के पद पर तैनात है. सोनी कानपुर के पनकी इलाके में रहती है. उसकी शादी फर्रुखाबाद के मेरापुर थाना क्षेत्र के पखना के शिक्षक धर्मेंद्र कुमार यादव उर्फ विनोद पुत्र वीरेंद्र सिंह के साथ वर्ष 2009 में हुई थी.

सोनी का आरोप है कि शादी के बाद पति ने उसके साथ मारपीट की औऱ उसका जेवर हड़प कर उसे घर से निकाल दिया. इसके बाद उसके पति ने डॉली नाम की महिला से दूसरी शादी कर ली. डोली एक पुत्री की मां बन गई. डोली अपनी 6 वर्षीय पुत्री के साथ धर्मेंद्र के घर रह रही है. लेकिन इसके बाद धर्मेंद्र ने नवाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम राजारामपुर निवासी अलका से तीसरी शादी कर ली. 13 नवंबर 2021 को वह भी एक पुत्री की मां बन गई.

लेकिन जब सोनी को यह पता चला तो उसने अपने पति धर्मेंद्र से बात की. बात करने पर धर्मेंद्र ने उसे जान से मारने की धमकी दी और पिटाई भी की. इसके बाद सोनी थाने पहुंची और तहरीर देकर अपने पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया. थाने एसएसआई रामसेवक वर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज हो गया है. आरोपी फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है.

Post a Comment

0 Comments