पंकज सिंह
आजमगढ़। कप्तानगंज थाना क्षेत्र में स्थित छोटी सरयू नदी के किनारे शुक्रवार की सुबह युवती की लाश मिलने से सनसनी फैल गई. घर वालों का आरोप है कि रेप के बाद उसकी हत्या की गई है. वह एक सप्ताह पूर्व अपने ससुराल से मायके आई थी. घटना की सूचना मिलने पर एसपी ग्रामीण सिद्धार्थ जांच टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट से स्थिति स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती उम्र करीब 22 साल थी. 13 मई 2022 को उसकी शादी अंबेडकर नगर जिले में हुई थी. दो भाई और दो बहनों में वह दूसरे नंबर पर थी. युवती की इससे पहले दो बार शादी हुई थी, लेकिन किन्ही कारणों से शादी टूट गई थी. अंबेडकर नगर जिले में उसकी तीसरी शादी हुई थी. वह एक सप्ताह पूर्व ही ससुराल से विदा होकर अपने मायके आई हुई थी. गुरुवार की रात परिवार के सदस्य भोजन करके करीब 12 बजे तक जगे. इसके बाद सभी लोग सोने चले गए.
शुक्रवार की अलसुबह युवती की लाश उसके घर से थोड़े दूर स्थित छोटी सरयू नदी के किनारे पाई गई. वह जींस की पैंट और टीशर्ट पहने हुए थी. युवती के होंठ पर कटे का निशान था. घर वालों ने रेप के बाद हत्या करने की आशंका जताई है. शव मिलने की सूचना पर एसपी ग्रामीण सिद्धार्थ, सीओ बूढ़नपुर सिद्धार्थ तोमर, एसओ कप्तानगंज, फारेसिंक टीम को लेकर पहुंचे. छानबीन के बाद पुलिस ने लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.


0 Comments