पति के चरित्र पर शक करना पड़ा भारी- चाकू से गोदकर मार डाला...


फिरोजाबाद। जिले के शिकोहाबाद में बुधवार दोपहर को एक महिला की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। महिला घर पर अकेली थी। हत्या का आरोप उसके पति पर है। वारदात के बाद आरोपी पति मौके से भाग गया। सूचना पर थाना शिकोहाबाद की फोर्स के साथ सीओ मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस आरोपी की तलाश में लगी है। आरोपी युवक अक्षय कुमार मूलरुप से उत्तर थाना क्षेत्र के मोहल्ला द्वारिकापुरी का रहने वाला है। वर्तमान में शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के मोहल्ला कटरा मीरा में रहता है। उसकी पत्नी नेहा (30) के दो बच्चे अनुज (8), अनमोल (6) हैं। अनमोल अपनी नानी के घर आगरा में रहता है। जबकि नेहा अपने बड़े पुत्र अनुज के साथ रामेश्वर के मकान नगला किला में किराए पर रहती थी।

नेहा के पड़ोस में उसकी ननद हसीना किन्नर का मकान है। बुधवार दोपहर को करीब 12 बजे नेहा अपने आठ साल के पुत्र अनुज के साथ घर पर अकेली थी। तभी अक्षय कुमार घर पहुंचा। उसने अनुज को रुपये देकर बाजार से सामान लेने के लिए भेज दिया। इस बीच आरोपी ने चाकू से नेहा की हत्या कर दी और मौके से भाग गया। अनुज घर पहुंचा तो मां का शव खून से लथपथ देख चीखने लगा। पड़ोस के लोग एकत्रित हो गए। सूचना पर सीओ शिकोहाबाद कमलेश कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे। फील्ड यूनिट की टीम को भी मौके पर बुला लिया गया। सीओ शिकोहाबाद कमलेश कुमार का कहना है कि महिला की हत्या उसके पति ने की है। आरोपी पति की तलाश की जा रही है।

नेहा को अपने पति अक्षय कुमार के चरित्र पर शक था। इसलिए उसकी पति ने नहीं बनती थी। जिसको लेकर आए दिन पति पत्नी के बीच झगड़ा होता था। झगड़े के कारण नेहा पति से अलग नगला किला में किराये के मकान में रह रही थी। जबकि उसकी ननद का मकान भी है। बच्चों के भरण पोषण के लिए नेहा ननद के घर की साफ सफाई करने के साथ ही खाना बनाया करती थी। बुधवार दोपहर हसीना अपने प्लॉट पर थी, तभी अनुज रोता हुआ पहुंचा। उसने बुआ हसीना किन्नर को मां की हत्या की जानकारी दी। सूचना मिलने पर हसीना दौड़कर घर आई। नेहा का पलंग पर पड़ा खून से लथपथ शव को देख उसकी भी चीख निकल गई। आरोपी ने नेहा के शरीर पर चाकू से कई वार किए थे। आसपास खून बिखरा पड़ा था।

Post a Comment

0 Comments