ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ी बाइक, दो दोस्तों की मौत, महिला गंभीर



बलिया। फेफना-रसड़ा मार्ग पर गुरुवार की सुबह भीषण सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। वहीं बाइक सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना से परिजनों में कोहराम मचा है।

फेफना थाना क्षेत्र के औंदी निवासी विनोद सिंह उर्फ नथुनी सिंह (55) और उनकी पत्नी पुष्पा सिंह (50) को बाइक से लेकर नमोनारायण सिंह (50) चिलकहर स्टेशन जा रहे थे। पति-पत्नी को ट्रेन पकड़ना था। फेफना-रसड़ा मार्ग पर चिलकहर चट्टी से पहले बाइक अनियंत्रित होकर अलकतरा लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से भीड़ गई। टक्कर के बाद बाइक समेत तीनों सवार सड़क पर काफी दूर तक घिसटते चले गए। सिर में चोट लगने के कारण विनोद सिंह और बाइक चालक नमोनारायण सिंह की मौत हो गई। 

वहीं विनोद की पत्नी पुष्पा गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल पीएचसी चिलकहर पहुंचाया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इधर, घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के मुताबिक, सड़क हादसे का शिकार विनोद और नमोनारायण दोस्त थे। हादसे की जानकारी जैसे ही गांव में पहुंची, दोनों घरों में कोहराम मच गया। लोग दौड़ते-भागते चिलकहर पहुंच गए। एक साथ दो लोगों की मौत से पूरा गांव गमगीन है।

Post a Comment

0 Comments