अलीगंज में रहने वाले इन बुजुर्ग डॉक्टर ने एफआईआर में लिखाया है कि वह इस समय मुरादाबाद के एक बड़े अस्पताल में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक व कंसलटेंट है। उनकी पत्नी का देहांत वर्ष 2019 में हो गया था। इसके बाद से वह अकेले रहने लगे। अकेला रहने की वजह से उन्होंने दूसरी शादी करने का मन बनाया। इसके लिए अखबार में विज्ञापन निकलवाया। इसे देखकर उनके पास शादी करने के कई प्रस्ताव आये। पीड़ित डॉक्टर के मुताबिक इन प्रस्ताव में शामिल एक महिला ने अपना परिचय मरीन इंजीनियर कृषा शर्मा के रूप में दिया। उससे संपर्क व्हाट्सएप चैट व मोबाइल के जरिए हुआ। वह दो मार्च से लगातार सम्पर्क में रही। कृषा ने अपनी उम्र 40 वर्ष बतायी। उसने बताया कि उसके पति का देहान्त हो चुका है। वह यूएसए के फ्लोरिडा के मियामी सिटी में रह रही है। वह एक अमेरिकन शिपिंग कंपनी में बड़े कार्गाे शिप पर तैनात है। उसने डेढ़ महीने बाद मुंबई आने की बात कही। उसने अपनी नौकरी छोड़कर व्यापार करने की भी बात कही।
डॉक्टर के मुताबिक कृषा ने कहा कि उसने सात लाख यूएस डॉलर का सोना दक्षिण अफ्रीका से खरीदा है। उसे लखनऊ के पते पर दक्षिण अफ्रीका की रायल सिक्योरिटी कोरियर कंपनी से भेजना है। वहां सोमालियन पैरेट्स का डर होने से सभी लोग अपने कीमती सामान शिप से हटा रहे हैं। उसके बार रायल सिक्योरिटी कंपनी से मेरे पास व्हाट्सएप पर चौटिंग और ईमेल के जरिए बातचीत होने लगी। इस दौरान अलग-अलग मदों में (परमिशन फीस, कस्टम ड्यूटी का भुगतान, एफटीसीएल का लाइसेंस, फारेन नेशनल को ट्रेडिंग लाइसेंस) रुपये अलग-अलग खातों में जमा कराये गये। यह सभी रुपये भारत के बैंक खातों में जमा कराये गये है। इन जालसाजों ने धीरे-धीरे कर 1.80 करोड़ रुपये जमा करा लिये। इसके बाद आरोपितों के फोन नम्बर ऑफ हो गये। पीड़ित को जब ठगी का अहसास हुआ तो उसने कृषा शार्म, कोरियर कंपनी के जुलु व आरन सहित कई बैंक अफसरों की साजिश होने की बात कहते हुए तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक साइबर क्राइम थाना मो. मुस्लिम खान के मुताबिक पीड़ित चिकित्सक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

0 Comments