प्रेमिका और उसकी सहेली के साथ मिलकर पत्नी को मार डाला- जांच में जुटी पुलिस


आगरा। नगला हवेली (न्यू आगरा) में रविवार सुबह तड़के पति ने अपनी प्रेमिका और उसकी सहेली के साथ मिलकर पत्नी की हत्या कर दी। विवाहिता की गर्दन पर चाकू से ताबड़तोड़ प्रहार किए गए। पांच माह पहले ही शादी हुई थी। पुलिस के पहुंचने से पहले हत्याकांड में शामिल प्रेमिका अपनी सहेली के साथ फरार हो गई। पुलिस ने पति को हिरासत में लिया है। मायके वालों ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। लोहकरेरा (सिकंदरा) निवासी भूरी सिंह ने अपनी बेटी प्रीति (25) की शादी 11 दिसंबर 2021 को नगला हवेली निवासी उपेंद्र सिंह के साथ की थी। उपेंद्र पहले बिजली कंपनी में ठेकेदारी करता था। कोरोना कॉल में काम बंद हो गया। पिता साहब सिंह बिजली विभाग से रिटायर हैं। सुबह उन्होंने पुलिस को फोन करके बहू की हत्या की सूचना दी। सूचना पर एसपी सिटी विकास कुमार, सीओ हरीपर्वत एएसपी सत्य नारायण फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।

साहब सिंह ने बताया कि वह रात को प्रथम तल पर बने कमरे में सो रहे थे। उनकी पत्नी ओमवती 16 मई को दूसरे बेटे के पास नोएडा गई है। भूतल पर उनकी मां 85 वर्षीय दयावती अपने कमरे में सो रही थीं। दूसरे कमरे में बेटा उपेंद्र और उसकी पत्नी प्रीति सोए थे। सुबह वह नीचे आए तो मां ने बताया कि रात को बहू और उपेंद्र में झगड़ा हुआ था। सुबह बहू के कमरे से चीखने की आवाज आई। वह दरवाजे पर पहुंचीं। दरवाजा बंद था। खिड़की से झांककर देखा तो बहू लहूलुहान थी। कमरे में दो युवतियां भी मौजूद थीं। पुलिस ने उपेंद्र को मौके पर पकड़ लिया। उसे थाने लाया गया। मायके वालों को सूचना देकर घटना की जानकारी दी गई।

उपेंद्र ने बताया कि वह शादी के लिए तैयार नहीं था। शादी से पहले ही उसने प्रीति को बताया था कि उसका अफेयर चल रहा है। वह शादी नहीं करना चाहता। उसने प्रीति से कहा था कि वह इनकार कर दे। प्रीति ने कहा कि इनकार करना है तो वह करे। वह कुछ नहीं बोलेगी। शादी के बाद घर में प्रेमिका को लेकर झगड़ा होने लगा। प्रेमिका ने टेक्सटाइल डिजाइनिंग में डिप्लोमा कर रखा है। ओमनगर में रहती है। पहले जयपुर में नौकरी करती थी। इन दिनों नौकरी छोड़कर आगरा आ गई है। एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि प्रीति की गर्दन और हाथ पर चाकू से प्रहार के निशान थे। आशंका है कि हमले के समय वह जाग गई थी। उसने अपना बचाव किया। चाकू भी पकड़ा। मारने वाले तीन लोग थे। इसलिए वह अपने को बचा नहीं पाई। पुलिस जांच कर रही है। जो भी घटना में शामिल होगा। उसे जेल भेजा जाएगा।

हत्याकांड के बाद पुलिस ने ओमनगर में मोनिका के घर दबिश दी। वह नहीं मिली। उसकी सहेली पल्लो भी अपने घर से फरार थी। उसके घर के पास ही रहती है। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है। शादी का महज पांच माह हुए थे। परिजनों का आरोप है कि उपेंद्र कार के लिए प्रीति को प्रताड़ित कर रहा था। ससुरालीजन भी प्रीति को बात-बात पर ताने दिया करते थे। घरवालों ने दहेज मृत्यु और दहेज उत्पीड़न का मुकदमा लिखाया है। मुकदमे में पति उपेंद्र, ससुर साहब सिंह, सास ओमवती, जेठ आकाश, जेठानी कल्पना, ननद सुरेखा और ननदोई शैलेंद्र को नामजद किया है।

Post a Comment

0 Comments