गोरखपुर। जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां बेलघाट थानाक्षेत्र के जितवारपुर गांव में बुजुर्ग की देर रात लाठी-डडों से पीटकर हत्या कर दी गई। मृत बुजुर्ग के बेटे की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में पति-पत्नी भी आरोपी बनाए गए हैं। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, बेलघाट थाना क्षेत्र के जितवारपुर गांव निवासी भोला (60) शुक्रवार रात घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे। बेलघाट पुलिस को दी गई तहरीर में मृतक के बेटे संजय ने आरोप लगाया कि रात तीन बजे के आसपास गांव के ही सुरेंद्र, उसकी पत्नी बसंता, उसके दो नाबालिग बेटे और एक अन्य व्यक्ति शंभू ने हमला बोल दिया। लाठी-डंडों से लैस हमलावरों ने भोला की खूब पिटाई की है। इससे उनकी मौत हो गई।
इसके बाद आरोपियों ने बुजुर्ग का शव ले जाकर खेत में रख दिया। तहरीर में किसी खास विवाद का जिक्र नहीं है, लेकिन इतना कहा गया कि भोला पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया जा रहा था। थानाध्यक्ष गौरव राय कन्नौजिया ने बताया कि हत्या की आरोपी बसंता और शंभू को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है। दो नाबालिग आरोपी भी हिरासत में लिए गए हैं। आरोपित सुरेंद्र की तलाश की जा रही है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया गया है।

0 Comments