गोरखपुर। जिले के खजनी थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार को खेत की रखवाली कर रही 18 वर्षीय युवती से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि विनय यादव ने अपने तीन साथियों के साथ वारदात को अंजाम दिया। युवती के शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीणों ने विनय को दबोच लिया और पिटाई कर पुलिस को सुपुर्द कर दिया। गंभीर हालत में उसे पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर, पुलिस ने तहरीर के आधार पर विनय समेत चार अज्ञात पर सामूहिक दुष्कर्म की धारा में केस दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, युवती की मां ने तहरीर में लिखा कि परिवार सब्जी बेचने का काम करता है। बुधवार को घर पर पूजा था। पति मजदूरी पर चले गए थे। घर के लोग पूजा कर रहे थे। बेटी को उन्होंने सब्जी के खेत की रखवाली के लिए भेजा था। इसी दौरान विनय यादव तीन साथियों के साथ आया और दुष्कर्म कर दिया।
युवती के शोर मचाने पर उनके देवर आ गए, जिसके बाद आरोपी भागने लगे। मुख्य आरोपी को पकड़कर ग्रामीणों ने पिटाई कर दी। एसपी साउथ अरुण कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने तहरीर पर तत्काल केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

0 Comments