अलीगढ़। जिले के क्वार्सी थाना क्षेत्र की घनी आबादी सुरेंद्र नगर में गुरुवार को दिन-दहाड़े सराफा कारोबारी की पत्नी व मासूम बेटे की नृशंस हत्या कर शहर में सनसनी फैला दी गई। मोहल्ले के सीसीटीवी में दो नकाबपोश कैद हुए हैं। मृतका के पति ने अपनी साली अंजलि और उसके होने वाले पति सोमेश के खिलाफ मृत ससुर की नौकरी व फंड आदि की रंजिश को लेकर हत्या का शक जताते हुए नामजद तहरीर दी है। देर रात को पुलिस ने दोनों पर मुकदमा दर्ज कर लिया। इधर, वारदात के विरोध में सराफा एसोसिएशन ने शुक्रवार को बाजार बंद रखने की घोषणा की है। छर्रा के बिजौली गांव के मूल निवासी ललित वर्मा सिंघल सदन के सामने वाली सुरेंद्र नगर गली में पत्नी शिखा वर्मा, बेटे गिरवानशू, बेटी खुशी और राधिका के साथ रहते हैं। सराफा बाजार स्थित सेंट्रल मार्केट में उनकी ज्वैलरी की दुकान है।
गुरुवार दोपहर साढ़े तीन बजे करीब खाना-पीना खाने के बाद वह दुकान पर चले गए थे। उनकी दोनों बेटियां बुधवार को मथुरा निवासी अपनी बुआ के पास चली गई थीं। 35 वर्षीय शिखा वर्मा, आठ वर्षीय बेटे गिरवानशू के साथ घर में थीं। सीसीटीवी में कैद घटनाक्रम के मुताबिक पौने चार बजे करीब उनके घर पर दो युवक आए। उन्होंने घर का दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई गेट पर आया। उसकी दोनों युवकों से करीब एक मिनट बातचीत हुई। इसके बाद वह घर में घुस गए। घर में घुस उन्होंने किचन के चाकू से शिखा के हाथों की नसों को काटा व उनके बेटे के सिर पर भारी वस्तु से प्रहार कर हत्या कर दी। इसके बाद घर की अलमारी खोली। उसमें से कुछ कागजात, सामान आदि खंगाला। घर से कुछ सोने के जेवरात गायब हैं। घर से निकलते वक्त भी बदमाश सीसीटीवी में कैद हुए। जिसने घर में घुसते वक्त आसमानी शर्ट पहन रखी थी। वह उसने बदल ली थी।
करीब साढ़े सात बजे ललित के परिचित उनके घर पर पहुंचे और आवाज लगाई। अंदर से कोई प्रतक्रिया न आने पर घर के भीतर जाकर देखा तो एक कमरे में उनकी पत्नी व दूसरे में बेटे का शव खून में लथपथ हालत में पड़ा मिला। इसकी सूचना उन्होंने ललित व पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, फॉरेंसिक, डॉग स्क्वायड की टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। वारदात को देखते हुए पहले लूट के विरोध में हत्या का शक जताया जा रहा था। मगर, घर के अधिकांश जेवरात, नकदी सुरक्षित मिलने पर अलमारी को किन्हीं कागजातों की तलाश के लिए खोले जाने का शक जताया जा रहा है। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने कहा, श्सर्राफ की पत्नी व उसके बेटे की हत्या हुई है। वारदात स्थल पर घर की अलमारी खुली मिली है। पुलिस इस मामले में कई एंगलों पर काम कर रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमे की कार्यवाही प्रचलित है। सीसीटीवी में बदमाश कैद हुए हैं। उनकी तलाश जारी है।

0 Comments