मऊ। जिले के सरायलखंसी थाना अंतर्गत पिजड़ा गांव स्थित एक ईंट भट्टे पर काम कर रहे तीन मजदूरों पर ईंट की दीवार गिर गई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने से पहले एक मजदूर ने दम तोड़ दिया। दो अन्य घायलों को वाराणसी रेफर किया गया है। घटना शुक्रवार देर शाम की है। शनिवार सुबह मृतक के परिजनों ने शव को थाने के सामने सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया।
पुलिस ने समझा-बुझाकर आक्रोशित लोगों को शांत कराया। पिजडा गांव निवासी त्रिपुरारी पांडेय ईंट भट्ठा चलाते हैं। शुक्रवार शाम छह बजे के करीब त्रिपुरारी के छोटे भाई लालजी पांडे दो मजदूर अशोक और मदन यादव के साथ भट्ठे पर कुछ काम करा थे। अचानक भट्ठे के अंदर ईंट की दीवार भरभरा कर गिर गई। जिसमें तीनों लोग दब गए।
आवाज सुनकर भट्ठे पर और काम कर रहे मजदूरों ने आननफानन मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने अशोक को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को वाराणसी रेफर कर दिया गया। शनिवार सुबह अशोक के परिजनों ने मुआवजे की मांग और लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव के साथ थाने का घेराव किया। पीड़ित परिवार जिला प्रशासन से कार्रवाई की मांग कर रहा है।

0 Comments