आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र सठियांव बाजार में रविवार की रात 10 बजे दवा लेने पहुंचे बाइक सवार लुटेरों ने मेडिकल स्टोर से तमंचे के बल पर 9,600 रुपये लूट लिया और फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, अमुड़ी गांव निवासी भुखराज यादव घर से तीन किमी दूर सठियांव बाजार में कई वर्षों से मेडिकल स्टोर का संचालन करते हैं। रोज की तरह से रात 10 बजे घर जाने की तैयारी कर रहे थे कि उसी समय एक बाइक पर तीन लुटेरे दुकान पर पहुंचे। उसमें से दो ने उतरकर पेट व सिर दर्द की दवा मांगी। दवा लेने के बाद पैसा भी दिया, लेकिन जैसे ही पैसा रखने के लिए भुखराज ने काउंटर खोला, तो एक बदमाश अंदर घुस गया और उनकी कनपटी पर तमंचा सटा दिया।
तब तक दूसरे लुटेरे ने काउंटर में रखा 9,600 रुपये निकाल लिया। बदमाशों के हाथ में तमंचा देख दुकानदार विरोध का साहस नहीं जुटा सके और तीनों लुटेरे असलहा लहराते हुए मऊ की तरफ भाग निकले। बदमाशों के जाने के बाद भुखराज ने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी अनुज कुमार पांडेय से बात की गई तो उन्होंने कहा कि इस तरह की कोई घटना ही नहीं हुई है।

0 Comments