आजमगढ़ः पुलिस हिरासत में सिद्धार्थ हत्याकांड के 6 आरोपित-जल्द खुलासा का दावा!


विवेक जायसवाल

अतरौलिया/आजमगढ़। स्थानीय थाना क्षेत्र के भरौरा गांव में रविवार की रात सिद्धार्थ उर्फ गुडलक सिंह की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में ले लिया है। गजेंद्र पट्टी भदौरा निवासी गुडलक के पिता अनिल सिंह ने पांच नामजद व तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। घटना के पीछे कोटे की दुकान का विवाद बताया जा रहा है। अनिल सिंह कोटे की दुकान चलाते थे। गांव के कुछ लोग विवाद के चलते छह माह पूर्व दुकान को निरस्त करा दिए थे। इसको लेकर दोनों पक्षों में तनाव चल रहा था।

दरअसल, रविवार की रात करीब दस बजे गुडलक निमंत्रण में शामिल होने के लिए गए हुए थे। वहीं पर उनकी मोबाइल पर किसी का काल आया। इस पर वह बुलाए गए स्थान के लिए निकल लिए। इसकी जानकारी साथ रहे चचेरे भाई शुभम ने गुडलक के पिता अनिल सिंह को दी। शुभम के बताए गए स्थान पर अनिल भी पहुंच गए, जहां पहले से घात लगाकर बैठे लोगों ने गुडलक के सिर में गोली मार दी। गोली लगने से वह तत्काल जमीन पर गिर पड़े। इस वारदात को अंजाम देकर हमलावर फरार हो गए। घायल को अतरौलिया स्थित एक निजी हास्पिटल ले जाया गया, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया।

अनिल कुमार सिंह की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित पवन सिंह, सत्येंद्र सिंह, विजय विक्रम सिंह निवासी गजेंद्र पट्टी भदौरा, अंकुश राजभर, शुभम राजभर के अलावा तीन-चार अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष मदन कुमार गुप्ता ने बताया कि कुछ लोगों को पकड़कर पूछताछ की जा रही है। एसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने बताया कि कोटेदार पुत्र की गोली मारकर हत्या के मामले में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments