विवेक जायसवाल
अतरौलिया/आजमगढ। नगर के दुर्गा मंदिर के समीप खंभेे पर लाइन पहले बनवाने को लेकर शुक्रवार की रात आठ बजे दोनों पक्षों में विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ी कि एक पक्ष ने लाठी-डंडे से हमला बोल दिया, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। दो पक्षों के बीच का मामला होने के कारण सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सिद्धार्थ ने भी मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ली।
दरअसल, मंदिर के समीप किसी की लाइन खराब हो गई थी। सूचना पर पहुंचा लाइनमैन खंभे पर चढ़कर उसे ठीक कर रहा था कि दूसरे पक्ष के लोग आए और लाइनमैन से पहले अपनी लाइन बनाने का दबाव बनाने लगे। लाइनमैन ने उनकी बातों को अनसुना किया, तो उसे भला- बुरा कहने लगे। यह देख पास ही खड़े रिकू मोदनवाल तथा उनके एक अन्य साथी ने यह कहते हुए विरोध किया कि एक की लाइन बना लेने दीजिए, उसके बाद जो कहना हो कहिए। यह सुनकर दूसरे पक्ष के लोग भड़क गए और रिकू मोदनवाल पर टूट पड़े। रिकू को घायल करने के बाद लाठी-डंडा लेकर आसपास उपद्रव करने लगे।
यह देख मंदिर के आसपास की दुकानें धड़ाधड़ बंद होने लगीं और लोग अपने घरों में दुबक गए। बीचबचाव करने अन्य लोग आए तो दूसरे पक्ष के 6-7 लोग समूह बनाकर मारपीट करने लगे। हमले में रिकू मोदनवाल, तपन मद्धेशिया व अमरदीप गुप्त घायल हो गए। सूचना पाकर अतरौलिया थानाध्यक्ष मदन गुप्ता ने फोर्स के साथ पहुंचकर मामले को किसी तरह शांत कराया। घटना को लेकर दो पक्षों में तनाव है। घायल रिकू की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद तथा छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश में जुट गई है।

0 Comments