तकनीकी सहायक वर्षा सिंह की गला घोंटकर हुई थी हत्या-आरोप में पति गिरफ्तार



लखनऊ। राजधानी के जानकीपुरम स्थित सीडीआरआई के आवासीय परिसर में तकनीकी सहायक वर्षा सिंह (28) की गला घोंटकर हत्या की गई थी। उसका पहले गला घोंटा गया। फिर सिर पर भारी सामान से वार किया गया। यह खुलासा मंगलवार को हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ। मंगलवार सुबह वाराणसी से लखनऊ पहुंचे मायकेवालों ने पति विश्वेंद्र कुमार सिंह, ससुर इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह, सास प्रेमलता पुंडीर, देवर रजत व राजुल के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। मंगलवार को देर रात पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि वह पुलिस की पूछताछ में गुमराह कर रहा था।

वाराणसी के यूपी कालेज में सीनियर क्लर्क विजय प्रताप सिंह ने अपनी बेटी वर्षा की शादी वर्ष 2019 में बरेली, सुभाषनगर निवासी विश्वेंद्र सिंह के साथ की थी। विश्वेंद्र के पिता राजेश सिंह बिजनौर जिले में क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर है। सोमवार को जानकीपुरम स्थित सीडीआरआई नवीन परिसर में स्थित घर के बाहर कार में वर्षा का शव मिला था। उसका पति मोबाइल लेकर फरार हो गया था। इस सूचना पर ही मूल रूप से मऊ निवासी विजय प्रताप सिंह अपने रिश्तेदारों के साथ मंगलवार सुबह लखनऊ पहुंचे थे। पिता ने पोस्टमार्टम हाउस पर आरोप लगाया कि वर्षा की शादी में काफी रकम खर्च की थी। शादी के बाद उनकी बेटी को कार देने के लिये प्रताड़ित किया जाता रहा। वह जब घर आती तो ससुराल वालों की यातना बताकर रोती रहती थी। इस पर उन्होंने ससुराल वालों को कार भी दे दी लेकिन ससुराल में उसकी प्रताड़ना कम नहीं हुई। उससे और रुपयों की मांग की जाने लगी। पिता विजय सिंह ने बताया कि पिछले साल अक्टूबर में छोटी बेटी असिस्टेंट प्रोफेसर विदुषा की शादी की थी। इसलिये वह वर्षा के ससुराल वालों की मांग पूरी नहीं कर पा रहे थे। एसीपी अलीगंज सैय्यद अली अब्बास के मुताबिक दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया था।

एसीपी अलीगंज अली अब्बास के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट से वर्षा की हत्या की पुष्टि हुई है। उसे काफी बेरहमी से मारा गया है। पहले उसका गला घोटा गया, फिर उसके सिर पर भारी सामान से वार किया गया। इसके बाद ही उसे अस्पताल ले जाया गया। पूरी साजिश के तहत ही उसे अस्पताल से लाकर कार में छोड़ दिया गया। वर्षा के पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराई गई है। बिसरा भी प्रीजर्व कर लिया गया है। एडीसीपी प्राची सिंह के मुताबिक विश्वेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह पुलिस के सामने हत्या से इनकार करता रहा। उससे कहा गया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की बात आयी है तो भी वह अपनी बात पर अड़ा रहा। पुलिस अफसरों से कहा कि पोस्टमार्टम में अगर हत्या आया है तो वह किस आधार पर अस्पताल में और पड़ोसियों को यह बताता रहा था कि पत्नी ने खुदकुशी कर ली है। उससे यह भी पूछा गया कि वह वर्षा के मायके से मिली कार, उसका मोबाइल और एटीएम क्यों लेकर फरार हो गया था। इस पर उसने जवाब दिया कि वह डर गया था। पुलिस को पता चला है कि विश्वेंद्र कार लेकर कानपुर चला गया था। कानपुर में उसका चचेरा भाई सब इंस्पेक्टर है। 

इंस्पेक्टर जानकीपुरम कुलदीप सिंह के मुताबिक अभी वर्षा की हत्या करने की वजह साफ नहीं हो सकी है। इस बारे में पता किया जा रहा है। एसीपी के मुताबिक वर्षा के दो साल के बच्चे को सोमवार रात पड़ोसियों ने रखा था। मंगलवार को उसे मायके वालों के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चा रात में ठीक रहा लेकिन सुबह से वह असहज है। किसी की भी गोद में जाने पर रोने लग रहा था। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे वर्षा के मायके वाले चर्चा कर रहे थे कि आखिर क्या वजह थी तो वर्षा की हत्या कर दी गई। अगर पति ने ही ऐसा किया है तो अब बच्चा किसके सहारे जियेगा। मां इस दुनिया में रहीं नहीं और पिता जेल जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments