रायपुर से पकड़ा गया पूर्वाचल के गांजा तस्करों का सरगना-लंबे समय से थी पुलिस को तलाश


वाराणसी। पूर्वांचल सहित कई दूसरे राज्यों में गांजा की सप्लाई करने वाले तस्कर अजय सिंह पप्पू को डीआरआई वाराणसी की टीम ने छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से गिरफ्तार किया। बुधवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। डीआरआई टीम पिछले कई माह से गांजा तस्करी गिरोह के सरगना की तलाश में थी।

डीआरआई अधिकारियों के अनुसार जौनपुर के सतहरिया निवासी अजय सिंह उर्फ पप्पू सिंह गांजा तस्करी गिरोह का सरगना है। पिछले साल जनवरी 2021 को 40 क्विंटल और 16 क्विंटल गांजा की खेप पकड़ी गई थी तो तो उस समय पप्पू सिंह का नाम सरगना के तौर पर सामने आया था। उस दौरान गिरफ्तार चार आरोपियों से हुई पूछताछ के बाद डीआरआई की टीम पप्पू के पीछे लगी हुई थी। छत्तीसगढ़ के रायपुर में लोकेशन मिलने के बाद टीम ने दबिश देकर गिरफ्तार किया।

डीआरआई अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार अजय सिंह पप्पू पूर्वांचल का सबसे बड़ा गांजा तस्कर है। वह वर्ष 2010 में सिविल लाइंस प्रयागराज में गांजे की तस्करी में गिरफ्तार हुआ था। लगभग एक साल जेल में रहने के बाद जमानत पर रिहा होकर बाहर आया और फिर से गांजा की तस्करी में लिप्त हो गया। तब से लेकर अब तक गांजा तस्करी के कई मामलों में उसका नाम आया था लेकिन अपने रसूख के चलते वह बचता आ रहा था। इस प्रकरण में अभियुक्त के खिलाफ परिवाद पहले ही दाखिल किया जा चुका था और अदालत से गैर जमानती वारंट भी जारी हो चुका था लेकिन पुलिस उसे नहीं खोज पा रही थी।

Post a Comment

0 Comments