कालेज परिसर में चाकूओं से गोद कर बीटेक छात्र की हत्या-जाने क्या है प्रकरण


मेरठ। गुंडागर्दी की सभी हदें उस समय पार हो गईं, जब एक बीटेक के छात्र को पहले दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया और फिर 20 से ज्यादा बार चाकू से गोदकर मार डाला। इस सनसनीखेज घटना से कॉलेज में अफरा-तफरी मच गई और छात्रों में भगदड़ मच गई। उधर, घटना की जानकारी लगने पर पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने मामले की जांच-पड़ताल की और मुख्य आरोपी समेत पांच आरोपियों को दबोच लिया गया। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने आरोपियों के खिलाफ जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई करने का भरोसा दिया है।

मेरठ में नेशनल हाईवे-58 स्थित एमआईईटी इंस्टीट्यूट में बुधवार को वरिष्ठ छात्रों ने बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र निखिल तोमर (23) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। हमले में निखिल का दोस्त आर्यन भी घायल हो गया है। मुख्य आरोपी अभिषेक शर्मा समेत चार छात्र गिरफ्तार किए गए हैं। प्राथमिक जांच के आधार पर पुलिस ने दावा किया है कि एक छात्रा को लेकर दो गुटों में चल रही वर्चस्व की जंग में यह हत्या हुई है।

एमआईईटी (मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग) में सुबह करीब 9.55 बजे छात्र कक्षाओं में जा रहे थे। बागपत जिले के शिकोहपुर गांव निवासी पुष्पेंद्र तोमर का बेटा निखिल कॉलेज कैंपस में ही कुछ दोस्तों के साथ बात कर रहा था। तभी बीटेक तृतीय वर्ष के छात्र अभिषेक शर्मा, अंकित शर्मा और विभोर आदि ने घेरकर निखिल की पिटाई शुरू कर दी। आरोप है कि अभिषेक शर्मा ने निखिल के सिर, छाती, पेट और गर्दन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। चिल्लाते हुए निखिल दौड़ा, लेकिन कुछ दूर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। चीख-पुकार सुन कॉलेज के सिक्योरिटी गार्ड पहुंचे और अभिषेक व उसके तीन साथियों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। कॉलेज की एंबुलेंस से निखिल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

निखिल के पिता पुष्पेंद्र ने अभिषेक शर्मा पुत्र अशोक शर्मा निवासी मोदीनगर, विभोर पुत्र प्रवीण निवासी गंगानगर मेरठ, प्रिंस पुत्र संजय निवासी गंगानगर मेरठ, आयुष पुत्र नरेश मंसूरपुर जिला मुजफ्फरनगर और आदर्श पुत्र दीनानाथ निवासी गोरखपुर को नामजद किया है।एसएसपी प्रभाकर चौधरी का कहना है कि किसी छात्रा को लेकर दो छात्र गुटों में कई दिन से वर्चस्व की लड़ाई की बात सामने आई है। बुधवार को विवाद हुआ और निखिल की हत्या कर दी गई। गिरफ्तार आरोपियों से थाने में पूछताछ चल रही है।

Post a Comment

0 Comments