संतकबीरनगर। जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां महोली थाना क्षेत्र के गिठिनी में शनिवार दोपहर में एक बेटे ने अपने पिता पर कुल्हाड़ी से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। पिता का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने 20 वर्षीय बेटे को नौकरी करने की सलाह दी थी। इसी बात से वह नाराज था। पुलिस ने बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घटना के बाद से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। नवागत पुलिस अधीक्षक सोनम कुमार ने मौके पर पहुंचे कर मामले की जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार, गिठिनी निवासी सुरेश चौधरी (60) गांव में खेती करते हैं। उनके तीन बेटे हैं। दो बेटे बाहर रहकर नौकरी करते हैं। तीसरा बेटा महेश चौधरी गांव में रहता है। पढ़ाई छोड़ चुके बेटे को पिता ने कहीं नौकरी करने की सलाह दी थी। इसी बात को लेकर वह पिता से नाराज चल रहा था। शनिवार को भी इसी बात को लेकर बाप- बेटे के बीच विवाद हो गया। विवाद इस कदर बढ़ा कि बेटा कुल्हाड़ी लेकर पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें मौत के घाट पर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची घर की महिलाओं पर भी उसने हमला किया। शोर होने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और महेश को किसी तरह से काबू में किया। लेकिन तब तक सुरेश की मौत हो चुकी थी।
गांव के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही महुली समेत अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। आरोपित को अपनी हिरासत में ले लिया। पुलिस अधीक्षक सोनम कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्वजन के साथ ही ग्रामीणों से मामले की जनकारी ली। उन्होंने बताया कि बेटे ने पिता की कुल्हाड़ी से मारकर हत्या की है। आरोपित पुलिस की हिरासत में है। उससे पूछताछ की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद का है। शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।

0 Comments