यूपी पुलिस के लिए नजीर बना गोरखपुर का...यह थाना-थानेदार की चहुंओर हो रही तारीफ



गोरखपुर। जिले का राजघाट थाना यूपी पुलिस के लिए नजीर बन गया है। यहां आने व रास्ते से गुजरने वाले लोग थाने की स्वच्छता और हरियाली को देख तारीफ करने से खुद को रोक नहीं पाते हैं। डीआईजी, एसएसपी भी इस थाने की खासियत को देखकर थानेदार को इनाम दे चुके हैं। तत्कालीन थानेदार रणधीर मिश्रा ने अपनी मेहनत व जनसहयोग से खंडहरनुमा दिखने वाले थाने की तस्वीर बदल ली। अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने अधिकारियों को पत्र लिख राजघाट के तत्कालीन थानेदार की तारीफ करने के साथ ही कहा है कि कोशिश करें कि प्रदेश का सभी थाने इसी तरह दिखे। आगंतुक को स्वच्छता के साथ ही सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव हो।

एडीजी अखिल कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर अपर मुख्य सचिव गृह के संदेश की जानकारी जोन के सभी डीआइजी, एसएसपी व एसपी को दी है। एडीजी ने पत्र में लिखा है कि राजघाट के तत्कालीन थानेदार रणधीर मिश्रा ने व्यक्तिगत रुचि लेकर थाने के सभी कर्मचारियों व जन सहयोग से थाना का जीर्णाेद्धार कराकर पूरे परिसर का कायाकल्प किया। थाने का आगंतुक कक्ष, कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क, साफ-सफाई व फूल पौधे लगाकर सुसज्जित किया। महिला सशक्तिकरण की दिशा में सराहनीय कार्य करते हुए महिला हेल्प डेस्क व महिला विश्रामालय का भी निर्माण कराया। रणधीर मिश्रा वर्तमान में शाहपुर थाना के निरीक्षक है।

थाने का निरीक्षण करने पहुंचे डीआइजी जे. रविन्दर गौड व एसएसपी डा. विपिन ताडा व्यवस्था से खुश होकर थानेदार को 25-25 हजार रुपये इनाम दे चुके हैं। एडीजी अखिल कुमार राजघाट की तरह जोन के सभी 193 थानों को चमकाने का निर्देश पहले ही सभी पुलिस कप्तान को दे चुके हैं। गोरखपुर एडीजी जोन अखिल कुमार ने बताया कि थाना परिसर स्वच्छ व हरा भरा होने से पुलिसकर्मियों के साथ ही आगंतुक को साकारात्मक उर्जा मिलती है। राजघाट थाने की तरह जोन के सभी थानों का जीर्णाेद्धार कराया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments