लखनऊ। देश की सबसे बड़ी परीक्षाओं में से एक यूपी बोर्ड परीक्षा 24 मार्च 2022 से शुरू होने जा रही है। इस बार परीक्षा में 51 लाख से अधिक छात्र शामिल होंगे। माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपीएमएसपी) द्वारा सत्र 2021-22 के लिए हाई स्कूल और इंटरमीडिएट कक्षाओं की परीक्षाओं के आयोजन की विषयवार परीक्षा तारीखों की घोषणा 8 मार्च 2022 को ही की जा चुकी है। यूपी बोर्ड टाइमटेबल 2022 के अनुसार दोनों ही कक्षाओं की परीक्षाएं निर्धारित तारीखों पर सुबह और शाम की पालियों में आयोजित की जाएंगे। जहां हाई स्कूल परीक्षा सुबह 8 बजे से शुरू होगी और पहला पेपर हिंदी और प्रारंभिक हिंदी का होगा, वहीं इंटरमीडिएट कक्षा के लिए सुबह की पाली में सैन्य विज्ञान और दोपहर 2 बजे से शुरू होने वाली पाली में हिंदी/सामान्य हिंदी के पेपर होंगे।
यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जरूरी निर्देश
- परीक्षा की अवधि 3 घंटे और 15 मिनट निर्धारित है, जिसमें से पहले 15 मिनट प्रश्न-पत्र को पढ़ने के लिए दिए जाएंगे।
- दिव्यांग और दृष्टिबाधित परीक्षार्थियों के लिए अतिरिक्त 20 मिनट दिया जाएगा।
- परीक्षार्थी यूपी बोर्ड द्वारा जारी प्रवेश पत्र पर दिए गए निर्देशों और क्वेश्चन पेपर बुकलेट पर दिए निर्देशो को ध्यान से पढ़ लें।
- परीक्षा के लिए निकलते समय एडमिट कार्ड के साथ-साथ सभी सामग्रियों, मास्क, सैनिटाइजर, आदि ले जाएं।
- परीक्षा केंद्र और कक्ष में सामाजिक दूरी का पालन सुनिश्चित करें।
- परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से एक घंटा पहले पहुचें, यानि पहली पाली के पेपर के लिए केंद्र पर सुबह 7 बजे और दूसरे पाली के लिए दोपहर 1 बजे एग्जाम सेंटर पहुंच जाएं।

0 Comments