गोरखपुर। विधानसभा चुनाव 2022 में प्रचंड जीत के बाद योगी आदित्घ्यनाथ 25 मार्च को दोबारा सीएम पद की शपथ लेंगे। सरकार पार्ट टू से पहले आज वह गोरखपुर में आम नागरिकों के संग होली मना रहे हैं। इसकी शुरुआत गोरखनाथ मंदिर में होलिका की राख से होली खेलकर हुई है। सीएम की अगुवाई में गोरखपुर के घंटाघर से नरसिंह शोभा यात्रा भी निकली। इस शोभायात्रा का आयोजन 1944 से आरएसएस द्वारा किया जाता है। योगी आदित्घ्यनाथ 24 वर्षों से इसमें शामिल होते रहे। इसमें रथ पर सवार होकर रंग, अबीर और गुलाल से खेलते हुए वह शोभायात्रा के आगे-आगे चलते हैं। हालांकि कोविड की वजह से पिछले दो वर्ष योगी आदित्यनाथ इसमें शामिल नहीं हो सके थे। आज एक बार फिर उन्होंने भगवान नरसिंह की आरती करके शोभायात्रा का शुभारंभ किया। कहा कि दो साल के बाद यह पर्व हम फिर से बिना कोरोना के बंदिशों के मना रहे हैं जो बेहद हर्ष की बात है।
भक्त प्रह्लाद की तरह अपने मार्ग से डिगना नहीं
सीएम योगी ने जनता से अपील की है कि होली जरूर खेलें लेकिन सावधानी से खेलें। जो न खेलना चाहे उसे जबरन रंग न लगाएं, त्योहार हर्ष के साथ खेलें किसी की भावनाओं को आहत करके नहीं। जोश में होश को न खोएं, शालीनता के साथ पर्व मनाएं। होली का मतलब अव्यवस्था नहीं हो सकता। योगी ने कहा, पर्व हमें अतीत से जोड़ते हैं। होलिका और हिरण्यकश्यप हर समाज में मौजूद रहे हैं। हिरण्यकश्यप और होलिका ने भक्त प्रह्लाद को उसके भक्ति मार्ग से डिगाना चाहा पर सफल न हो सके। हमें भी भक्त प्रह्लाद की तरह अपने मार्ग से डिगना नहीं है। भावी सीएम ने चुनाव में जीत के लिए भी जनता को धन्यवाद दिया
0 Comments