बस्ती: चार महीने से लापता ब्लाक प्रमुख पत्नी व बच्चे सहित सपा विधायक के घर से बरामद-जाने क्यों!



बस्ती। शुक्रवार देर रात पुलिस ने बस्ती सदर से नवनिर्वाचित समाजवादी पार्टी के विधायक महेन्द्र नाथ यादव के आवास से ब्लाक प्रमुख, ब्लाक प्रमुख की पत्नी तथा उनके चार बच्चों को बरामद किया है। इनको चार महीने पहले अगवा किया गया था और इस मामले में महेन्द्र नाथ यादव के खिलाफ अपहरण का केस भी दर्ज किया गया था।

सपा विधायक के आवास पर पुलिस का छापा

सपा विधायक महेंद्र नाथ यादव के आवास पर आधीरात को पुलिस ने छापा मारकर घर मे बंधक बना कर रखे गए बहादुरपुर के प्रमुख, उनकी पत्नी व बच्चों को मुक्त करा लिया। छापे के समय विधायक महेंद्र नाथ यादव भी घर में मौजूद थे। ब्लॉक प्रमुख रामकुमार, उनकी पत्नी व चार बच्चे को चार महीने से बंधक बनाया गया था। सभी महेंद्र यादव के घर में थे और इन पर 24 घंटे सख्त पहरा था। प्रमुख के साले ने कल रात में ही कलवारी थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। इसी आधार पर पुलिस ने विधायक के आवास पर छापा मारा। इस कार्रवाई में कलवारी कोतवाली पुरानी बस्ती और लालगंज थाने की पुलिस फोर्स शामिल रही। प्रमुख और उसकी पत्नी बच्चों को लेकर पुलिस टीम रात में ही चली गई।



साले को दी बंधक बनाए जाने की जानकारी

रामकुमार भाजपा के समर्थन से बहादुरपुर के प्रमुख बने थे। दो महीने के बाद सपा जिलाध्यक्ष ने उनको अपनी पार्टी में शामिल कराकर भाजपा को तगड़ा झटका दिया था। सबको लग रहा था कि प्रमुख ने अपनी इच्छा से पार्टी बदली है, लेकिन शुक्रवार की रात में एक फोन ने पूरे खेल को उजागर कर दिया। एएसपी का कहना है कि प्रमुख ने कल मौका पाकर फोन से अपने बंधक बनाए जाने की जानकारी अपने साले को दी थी। साले ने इसी आधार पर कलवारी थाने में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रमुख, उनकी पत्नी व बच्चों को विधायक आवास पर छापा मारकर बरामद कर लिया गया है। सोमवार को प्रमुख, उनकी पत्नी व बच्चों का कोर्ट में बयान दर्ज कराया जाएगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments