आजमगढः विधान परिषद चुनाव के लिए नामांकन 15 मार्च से, तैयारी पूरी



आजमगढ़। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विधान परिषद चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 15 मार्च से 19 मार्च तक होगी। जिला मजिस्टेट अमृत त्रिपाठी ने बताया कि आजमगढ़-मउ स्थानीय प्राधिकारी, निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचन के लिए कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। इसके लिए नामांकन 15 मार्च, नाम निर्देशनों की संवीक्षा 21 मार्च, नाम वापसी 23 मार्च को होगा। मतदान 9 अप्रैल, मतगणना 12 अप्रैल और 16 अप्रैल के पूर्व पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि कलेक्टेट स्थित जिलाधिकारी न्यायालय कक्ष में नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किए जाएंगे। नामांकन की अन्य प्रक्रिया 23 मार्च तक चलती रहेगी।

उम्मीदवार के साथ सिर्फ दो लोग को आने की अनुमति

आयोग के निर्देशों का अनुपालन कराने के लिए उम्मीदवार के साथ सिर्फ दो लोग को ही नामांकन कक्ष में आने की अनुमति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों के साथ उनके समर्थकों की भारी भीड़ होती है, जिसे आयोग के निर्देशानुसार नामांकन कक्ष के सौ मीटर की दूरी पर समर्थकों एवं उनके वाहनों को रोक दिया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने अक्षीक्षण अभियंता लोक निर्माण लालजी यादव को निर्देश दिया है कि नामांकन स्थल के आसपास बैरियर व बैरिकेडिंग कराना सुनिश्चित करें।

अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी

विधान परिषद चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी अमृत त्रिपाठी ने बताया कि कार्मिक व प्रशिक्षण के लिए मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला नोडल अधिकारी, जिला विकास अधिकारी रविशंकर राय, अनुदेशक राजकीय पालीटेक्निक कुलभूषण सिंह सहायक नोडल अधिकारी, परिवहन एडीएम एफआर आजाद भगत सिंह नोडल अधिकारी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन एसके सिंह होंगे। जिला पूर्ति अधिकारी सुनील पुष्कर सहायक नोडल अधिकारी, निर्वाचक नामावली अपर जिलाधिकारी प्रशासन अनिल कुमार मिश्र नोडल अधिकारी होंगे। समस्त उपजिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद व नगर पंचायतों को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है।

Post a Comment

0 Comments