पश्चिमी यूपी में भाजपा के धु्रवीकरण दांव से सजग अखिलेश-जयंत...जाने क्या है प्लान



लखनऊ। 18वीं विधान सभा चुनाव में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति का रोमांच तेजी से बदलता जा रहा है। कृषि कानून विरोधी आंदोलन की आग से यहां उठते रहे धुएं को भाजपा की 2014 और 2017 की रिकार्ड जीत पर पानी फरने के लिए अखिलेश यादव और जयंत चौधरी की दोस्ती जवान हुई हैं। अब सपा और रालोद के मुखिया सत्ताधारी दल से मुकाबले के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। भरोसा है कि किसान के रूप में एकजुट जाट-मुस्लिम का गठजोड़ उनकी नैया पार लगाएगा, लेकिन धु्रवीकरण से एकतरफा जीत के भाजपा के दांव से भी वह सजग हैं।

चौधरी चरण सिंह को भारतरत्न देने की उठी मांग

मुजफ्फरनगर दंगों के कारण वर्ष 2014 का लोकसभा चुनाव व उसके बाद 2017 का विधानसभा चुनाव बुरी तरह हारने वाली समाजवादी पार्टी की उम्मीदें इस बार किसानों पर टिकी हुई हैं। पहले चरण की नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुजफ्फरनगर व मेरठ में रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी के साथ संयुक्त प्रेसवार्ता में पहुंचे सपा अध्यक्ष अखिलेश ने किसानों के मुद्दे पर भाजपा सरकार पर हमले किए। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को याद करते हुए उनके लिए भारत रत्न देने की मांग की, साथ ही उनकी विरासत को आगे बढ़ाते हुए किसानों को संपन्न बनाने की बात कही।

कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलनों से आस

सपा का दावा है कि दंगों की तपिश लंबे समय तक महसूस करने वाले मुजफ्फरनगर व आसपास के क्षेत्रों में कृषि कानूनों के खिलाफ सड़कों पर जाट व मुस्लिम एकजुट होकर उतरे थे। इस क्षेत्र में जाट-गुर्जर समेत मुस्लिम समुदाय के लोग खेती-किसानी से जुड़े हैं। सपा व रालोद को यहीं से उम्मीद की रोशनी दिखाई दे रही है। दोनों ही दल किसानों को एकजुट करने की पुरजोर कोशिश में लगे हुए हैं।

किसानों की याद में मेरठ में बनेगा शहीद स्मारक

अखिलेश ने यहां गंगा-जमुनी तहजीब को याद करते हुए यह भी कहा कि नकारात्मक राजनीति को हम और जयंत मिलकर खत्म करेंगे। अखिलेश ने किसान आंदोलन में मारे गए किसानों की याद में मेरठ में शहीद स्मारक बनाने की घोषणा कर इस मुद्दे को जीवित रखने का प्रयास किया। रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी भी साफ कर चुके हैं कि चौधरी अजित सिंह का भी राजनीतिक फार्मूला जाट व मुसलमान का नहीं था, उन्होंने किसान व कमेरा वर्ग को संगठित किया था, आज फिर हम मिलकर उसी राह पर चल रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments