अधिकतम 40 लाख रूपए ही खर्च कर सकेंगे उम्मीदवार-जाने कैसे...



अलीगढ़। विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियों जोरों पर चल रही हैं। इस बार एक प्रत्याशी अधिकतम 40 लाख रुपये की धनराशि खर्च कर सकेगा। पिछले चुनावों तक यह आंकड़ा 28 लाख तक था। चुनाव आयोग ने इस बार इसमें 12 लाख की बढ़ोत्तरी कर दी है। हालांकि, 10 हजार से अधिक का लेनदेन बैंक से निकालने पर ही किया जाएगा। हर प्रत्याशी को नया खाता खुलवाना होगा। सहायक निर्वाचन अधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि विधानसभा का चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को नया खाता खोलना जरूरी होगा। एक प्रत्याशी इस चुनाव में अधिकतम 40 लाख की धनराशि खर्च कर सकेगा। 10 हजार से अधिक की एक बार में धनराशि खर्च करने पर बैंक से ही निकासी करनी होगी। उन्होंने बताया कि पिछले चुनावों तक खर्च की सीमा 28 लाख थी। इसे बढ़ाकर 40 लाख किया गया है। उन्होंने बताया कि इस बार 12 लाख की बढ़ोत्तरी हुई है।

पोर्टल के माध्यम से जमा कर सकते जमानत राशि

जिला सूचना विज्ञान अधिकारी प्रवीण कुमार ने चुनाव आयोग द्वारा तैयार किए गए इनकोर पोर्टल के संचालन के संबंध में सभी आरओ एवं एआरओ को विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इनकोर पोर्टल के माध्यम से प्रत्याशी आनलाइन नामांकन कर सकते हैं। प्रत्याशियों द्वारा जमानत राशि को भी पोर्टल के माध्यम से जमा किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा निर्वाचन के दौरान सभी प्रकार की अनुमतियां दिये जाने के निर्देश दिए गए हैं। इससे कार्य में सुगमता के साथ पारदर्शिता भी बढ़ेगी। इनकोर पोर्टल को कम्प्यूटर के माध्यम से भी संचालित कर सकते हैं। इसमें प्रत्याशी स्क्रूटरी, चुनाव अनुमति, वोटर टर्नआउट, इंडेक्स कार्ड, नामांकन, एफिडेविट पोर्टल, मतगणना की सुविधा उपलब्ध कराई गयी है। उन्होंने सभी आरओ-एआरओ से कहा है कि वह नियमित रूप से निर्चाचन से संबंधित प्रपत्रों को अपलोड करते रहें।

चुनावी कार्मिकों को लगेगी बूस्टर डोज

सीडीओ अंकित खंडेलवाल ने बताया कि चुनाव की ड्यूटी करने वाले सभी कर्मचारियों को बूस्टर डोज लगाई जाएगी। 10 फरवरी को मतदान कराया जाना है। कोरोना संक्रमण में बढ़ोत्तरी के मद्देनजर वैक्सीन के माध्यम से प्रतिरक्षित करना होगा। कोरोना वायरस का कोई स्थायी इलाज नहीं है। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए भारत में निर्मित वैक्सीन को असरदार माना जा रहा है। ऐसे में सभी कार्मिक कोरोना का तीसरा टीका भी जरूर लगवाएं।

Post a Comment

0 Comments