करहल सीट से आज नामांकन करेंगे सपा मुखिया अखिलेश-भाजपा ने अभी नहीं खोले पत्ते



मैनपुरी। जिले की करहल विधानसभा सीट से सपा के मुखिया अखिलेश यादव चुनाव लड़ रहे हैं। सोमवार को वह नामांकन दाखिल करने के लिए मैनपुरी आ रहे हैं। वह सीधे कलक्ट्रेट पर पहुंचकर नामांकन करेंगे। अखिलेश यादव के आने से सपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है। वहीं प्रशासन भी इसे लेकर अलर्ट मोड पर है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने करहल विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की घोषणा की थी। जिले में तीसरे चरण में चुनाव प्रस्तावित है। 20 फरवरी को मतदाना होना है।

रविवार शाम को सैफई पहुंचे अखिलेश

अखिलेश सैफई से करहल होते हुए कार से दोपहर एक बजे के करीब कलक्ट्रेट पहुंचेंगे। यहां वह चार सेटों में अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। नामांकन के दौरान उनके साथ पूर्व सांसद तेजप्रताप यादव और सपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव मौजूद रहेंगे। नामांकन को देखते हुए अखिलेश यादव रविवार शाम को ही सैफई पहुंच गए हैं। सपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव ने बताया कि सोमवार को सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव करहल सीट से नामांकन पत्र दाखिल करने आ रहे हैं। करहल की जनता उन्हें प्रचंड मतों से जीत दिलाएगी। उनके साथ ही भोगांव और किशनी सीट से सपा प्रत्याशी भी नामांकन दाखिल करेंगे। 

भाजपा ने अभी नहीं खोले है पत्ते

नामांकन में अब केवल दो दिन का ही समय शेष है। इसके बाद भी भाजपा ने अब तक यहां अपना प्रत्याशी नहीं उतारा है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव करहल से ही चुनाव लड़ रहे हैं, ऐसे में भाजपा यहां कोई मजबूत प्रत्याशी लाने का प्रयास कर रही है। सूत्रों के अनुसार अब तक भाजपा को सफलता हाथ नहीं लगी है। अगर 31 जनवरी तक कोई प्रत्याशी नहीं मिलता है तो पूर्व में चर्चा में रहे एक क्षेत्रीय नेता पर ही भाजपा अपना दांव खेलेगी।

Post a Comment

0 Comments