एटा में बागी हुए सपा के पूर्व विधायक अजय यादव, थामा बसपा का दामन



एटा। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष व पूर्व विधायक अजय यादव ने सदर विधानसभा सीट पर टिकट न मिलने से नाराज होकर बागी हो गए और पार्टी को छोड़कर बसपा में शामिल हो गए है। यही नहीं, सपा प्रत्याशी के सामने चुनाव लड़ने का एलान कर दिया है। बिना नाम लिए पार्टी के एक बड़े नेता पर जमीन कब्जा करने का आरोप लगाया है।

रिश्तेदारी निभाने के चक्कर में काट दी टिकटः अजय यादव

गणतंत्र दिवस को दोपहर में कचहरी स्थित बसपा कार्यालय पर अलीगढ़ जोन को आर्डिनेटर रणवीर कश्यप और बसपा जिलाध्यक्ष बलवीर सिंह की मौजूदगी में पूर्व विधायक अजय यादव ने बसपा की सदस्यता ली। इसके तुरंत बाद चुनाव लड़ने का एलान कर दिया। उन्होंने कहा कि सपा के एक खलनायक ने रिश्तेदार निभाने के चक्कर मंे टिकट काट दी। क्षेत्र की जनता ने कहा मान-सम्मान के लिए चुनाव लड़ो। यदि अभी चुनाव नहीं लड़ेंगे तो आने वाली नस्लें गालियां देंगी।

संघर्ष करने वालों को मिला टिकट: जुगेंद्र सिंह

सपा से सदर सीट पर प्रत्याशी जुगेंद्र सिंह यादव ने अजय यादव को लेकर कहा कि वह दल-बदलू और गद्दार हैं। वह न समाजवादी थे और न हैं। उन्हें पार्टी ने 12 साल जिपं अध्यक्ष बनाकर रखा। जब टिकट कटी तो बसपा में चले गए। कांग्रेस, भाजपा और फिर सपा में आ गए थे। टिकट उन्हें मिले है जिन्होंने पार्टी के लिए संघर्ष किया है। चुनाव पर प्रभाव को लेकर कहा कि वह भाजपा के वोटों को काटेंगे, जिससे हमें फायदा मिलेगा। अजय यादव के आरोपों को लेकर कहा कि हमारे ऊपर ऐसा कोई आरोप हो तो राजनीति से सन्यास ले लेंगे।

Post a Comment

0 Comments