नई दिल्ली। चुनाव आयोग पांच राज्यों उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सोमवार को एक बैठक करने जा रहा है। आयोग की यह बैठक बहुत ही महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि देश में कोरोना के नए वायरस ओमिक्रोन के मामले हर दिन तेजी के साथ बढ़ते जा रहे हैं। इस बैठक में संभव है पांच राज्यों में चुनाव को लेकर कोई बड़ा एलान किया जा सकता है। राजनीतिक रैलियों को रोकने के बारे में भी इस मीटिंग में चर्चा हो सकती है।
गौरतलब है कि गोवा, पंजाब, उत्तराखंड और मणिपुर विधानसभाओं का कार्यकाल अगले साल मार्च में अलग-अलग तारीखों पर समाप्त हो रहा है, जबकि उत्तर प्रदेश में विधानसभा का कार्यकाल मई में समाप्त होगा। निर्वाचन आयोग अगले महीने चुनाव की तारीखों की घोषणा कर सकता है। आयोग चुनाव प्रचार, मतदान के दिनों और मतगणना की तारीखों के लिए अपने कोविड-19 प्रोटोकॉल में सुधार को लेकर भूषण से सुझाव भी मांग सकता है। पिछले दिनों इलाहाबाद हाईकोर्ट ने चुनावी रैलियों पर बैन और उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को टालने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और निर्वाचन आयोग से अपील की थी। उसके बाद से केंद्रीय चुनाव आयोग के ऊपर भी एक अतिरिक्त जिम्मेदारी बढ़ गई है। हालांकि, अभी तक चुनाव आयोग के रुख के अनुसार, चुनावों के स्थगन की संभावना बहुत कम है। अधिकारियों के मुताबिक, चुनाव टालने से कई तरह के बड़े निर्णय लेने होंगे। जैसे, जिन राज्यों में विधानसभा का कार्यकाल पूरा हो चुका है वहां राष्ट्रपति शासन लगाना होगा। वहीं सारी तैयारियां भी नए सिरे से करनी होंगी। वही चुनाव आयोग इस बार प्रचार और भीड़ प्रबंधन पर एहतियाती कदम उठा सकता है।
0 Comments