गोरखपुर। ट्रांसपोर्टनगर स्थित कार्यालय का किराया न जमा करने पर कांग्रेस की जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान के विरुद्ध राजघाट पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। कार्यालय पर 3.90 लाख रुपये किराया बकाया है। 31 अक्टूबर को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा की तारामंडल क्षेत्र के चंपा देवी पार्क में हुई रैली के अगले दिन मकान मालिक ने जिला कार्यालय पर ताला लगा दिया था। कांग्रेस कार्यालय का किराया विवाद बीते कई माह से चर्चा का विषय बना हुआ है।
कैंट थाना क्षेत्र के कालेपुर पड़हा पैडलेगंज निवासी राजमन राय ने राजघाट पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि 25 अक्टूबर 2019 को कांग्रेस पार्टी की जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान और उनके साथ आए तीन-चार पदाधिकारियों ने ट्रांसपोर्टनगर स्थित उनके मकान में कार्यालय खोलने के लिए जगह देने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि पहले भी यहां कार्यालय था, जिसे बाद में बंद कर दिया गया था। इसके बाद 15 हजार रुपये प्रति माह किराया तय हुआ था। गारंटी के तौर पर निर्मला पासवान ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष से बात भी कराई थी। राजमन राय का कहना है कि तबसे जब भी निर्मला पासवान से किराया देने को कहा जाता तो वह तीन से छह महीने का समय मांगती रहीं। राजघाट थाने के प्रभारी निरीक्षक रणधीर मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
0 Comments