बाहुबली विधायक के फरार पुत्र पर 25 हजार का इनाम-जाने क्या है माज़रा



भदोही। एक गायिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म, रिश्तेदार की संपत्ति हड़पने सहित कई मामलों में आरोपी ज्ञानपुर के विधायक विजय मिश्र के पुत्र विष्णु मिश्र पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि फरार चल रहे आरोपी को बंदी बनाने या सही सूचना देने वालों को पुरस्कार दिया जाएगा। वाराणसी के जैतपुरा थाना क्षेत्र की एक गायिका ने ज्ञानपुर के बाहुबली विधायक विजय मिश्र, पुत्र विष्णु और भतीजे के बेटे विकास पर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए गोपीगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। रिश्तेदार के साथ संपत्ति विवाद में विधायक विजय मिश्र इस समय आगरा जेल में बंद हैं। उनका पुत्र विष्णु फरार चल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दी जा चुकी है, लेकिन आरोपी पकड़ से बाहर है।

गायिका ने आरोप लगाया था कि विधायक विजय मिश्र 2014 से उसका शारीरिक शोषण कर रहे थे। वर्ष 2014 में विजय मिश्र ने कार्यक्रम के लिए बुलाया था। स्टेज पर जाने से पूर्व जब वह अंदर कपड़े बदल रही थी, उसी समय विधायक कमरे में घुस गए और डरा-धमकाकर दुष्कर्म किया। वाराणसी छोड़ने के लिए जाते समय विष्णु और विधायक के पोते पर भी दुष्कर्म का आरोप लगाया था। विधायक के पोते की गिरफ्तारी हुई थी। वह जमानत पर छूटा है। वही गोपीगंज थाना क्षेत्र के धनापुर गांव निवासी विधायक के रिश्तेदार कृष्णमोहन तिवारी ने चार अगस्त को गोपीगंज थाने में विधायक, उनकी पत्नी एमएलसी रामलली और पुत्र विष्णु मिश्र के खिलाफ मकान कब्जा करने, अन्य संपत्ति अपने बेटे के नाम वसीयत कराने के प्रयास और उनकी फर्म को अवैध ढंग से कब्जा करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में विधायक आगरा जेल में बंद हैं।

Post a Comment

0 Comments