यूपी में समय से चुनाव चाहती राजनैतिक पार्टीः सुशील चंद्रा

मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि यूपी में करीब 15 करोड़ वोटर, बुजुर्गों-दिव्यांगों और कोरोना संक्रमितों को घर से वोट करने की मिलेगी सुविधा




लखनऊ। प्रदेश में तीन दिनों तक चुनावी तैयारियों का जायजा लेने के बाद चुनाव आयोग ने गुरुवार को कहा कि सभी राजनीतिक दल यूपी में समय से चुनाव चाहते हैं। लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा ने कहा कि सभी राजनीतिक दलों से राय ली गई है। ज्यादा से ज्यादा लोगों की भागीदारी की कोशिश की। पुलिस प्रशासन से भी इंतजाम पर बात की गई है। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा, सभी राजनीतिक दलों ने कहा कि कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए समय पर चुनाव कराए जाएं। कुछ दलों ने रैलियों में कोविड प्रोटोकॉल के उल्लंघन पर चिंता जाहिर की। महिलाओं मतदाताओं की सुरक्षा को लेकर और महिलाओं मतदाताओं की पहचान की व्यवस्था करने की भी सलाह दी गई है। कुछ दलों ने कुछ अधिकारियों पर पक्षपात का आरोप लगाया। अधिकतर राजनीतिक दलों ने धनबल, शराब आदि के प्रयोग को लेकर लेकर चिंता जाहिर की है। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि राजनीतिक दलों से चर्चा के बाद सभी एसपी, डीआईजी, कमिश्ननर से मिलकर हालात का जायजा लिया गया। इसके बाद सभी नोडल अधिकारियों से चर्चा की गई। सबसे अंत में मुख्य सचिव, डीजीपी और अन्य अधिकारियों से बातचीत की।

5 जनवरी तक फाइनल जारी होगी मतदाता सूची

मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि यूपी में करीब 15 करोड़ वोटर हैं। यूपी में 52 लाख से ज्यादा नए वोटर्स हैं। 800 पोलिंग स्टेशन पर महिला पोलिंग अधिकारी की तैनाती होगी। चुनाव आयोग ने कहा कि 5 जनवरी तक फाइनल मतदाता सूची जारी होगी। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि कोरोना की वजह से बूथों पर मतदाताओं की अधिकतम संख्या में कमी की गई है। इसके लिए पोलिंग बूथ की संख्या को 11 हजार तक बढ़ाया जाएगा।

बुजुर्गों-दिव्यांगों और कोरोना संक्रमितों को घर से वोट करने की मिलेगी सुविधा

मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि इस बार बुजुर्गों-दिव्यांगों और कोरोना संक्रमितों को घर से वोट करने की सुविधा दी जाएगी। राज्य भर के मतदान केंद्रों पर तैनात कर्मचारियों का पूरी तरह से टीकाकरण कराया जाएगा। सभी मतदान केंद्रों पर वीवीपैट लगाए जाएंगे। चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए लगभग एक लाख मतदान केंद्रों पर लाइव वेबकास्टिंग की सुविधा उपलब्ध होगी। विधानसभा चुनाव के दौरान मतदान की तारीख को सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे।

Post a Comment

0 Comments