बीजेपी ज्वाइन करने के बाद सगड़ी विधायक की जनपद आगमन पर भव्य स्वागत
आजमगढ़। जनपद की सगड़ी विधानसभा से विधायक वंदना सिंह भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के बाद गुरुवार को पहली बार जनपद पहुंचीं। उनका जगह-जगह भव्य स्वागत हुआ। नेहरू हॉल के सभागार में पार्टी द्वारा स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। विधायक वंदना सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा का दामन थामा है। भाजपा सरकार सबको साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। मेरे परिवार ने पिछड़े क्षेत्र के विकास के लिए पूर्व में भी बहुत से कार्य किए, इसी तरह मैं भी आगे विकास कार्यों को जारी रखूंगी।
इस मौके पर सदर जिलाध्यक्ष धु्रव कुमार सिंह ने कहा कि सगड़ी विधायक वंदना सिंह के पार्टी में आने से आजमगढ़ जिले में भाजपा और मजबूत होगी। संतोष सिंह टीपू ने कहा कि एक समय था जब प्रदेश में अपराधियों का बोलबाला था, अब अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। पार्टी पदाधिकारियों के अलावा दीवानी बार के अधिवक्ताओं ने भी विधायक को फूल-मालाओं से स्वागत किया। सगड़ी से वर्तमान विधायक वंदना सिंह के पति सर्वेश सिंह सीपू भी विधायक थे। 19 जुलाई 2013 को उनकी हत्या गोली मारकर कर दी गई थी। जिसके बाद बसपा के टिकट पर वंदना सिंह ने चुनाव लड़ा और विजय हुईं। बीते 24 नवंबर को वो भाजपा में शामिल हो गईं। इस अवसर पर अखिलेश मिश्र गुडडू, जयनाथ सिंह, प्रेम प्रकाश राय, धनश्याम पटेल, बृजेश यादव, हरिवंश मिश्रा, निखिल राय, हेमंत श्रीवास्तव, राजेश माहुआरी समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे।
0 Comments