सुपर हरक्युलिस से एक्सप्रेसवे पर उतरेंगे मोदी

सुलतानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का आज लोकार्पण करेंगे पीएम

जनसभा के बाद लगभग 45 मिनट का होगा एयर शो



लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को सुलतानपुर जिले के अरवल कीरी करवत में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे. पीएम नरेन्द्र मोदी ने ही आजमगढ़ में जुलाई 2018 में इसका शिलान्यास किया था. यह प्रदेश का सबसे लम्बा एक्सप्रेसवे है. पूर्वांचल के लिए मंगलवार की सुबह मंगल संदेश लेकर आ गई है. तुलनात्मक रूप से पिछड़े रहे पूरब के इस अंचल के उम्मीदों की नई भोर हो गई है. प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रूप में प्रदेश तथा देश की प्रगति का जो नया पथ तैयार किया है, उसके लोकार्पण के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को दिन में करीब डेढ़ बजे सुलतानपुर पहुंचेंगे. इस एक्सप्रेसवे से इस अंचल के प्रदेश के छोटे-छोटे जिलों की दिल्ली से दूरी घट जाएगी.

योगी आदित्यनाथ सरकार ने प्रदेश में अवस्थापना सुविधाओं पर जोर देते हुए प्रदेश में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे और गंगा एक्सप्रेसवे बनाने की घोषणा की थी. प्रधानमंत्री मोदी ने जुलाई, 2018 में आजमगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेसव की आधारशिला रखी. लखनऊ से गाजीपुर तक 340.824 किलोमीटर के एक्सप्रेसवे पर मंगलवार से वाहन फर्राटा भरेंगे. यूपीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करने के साथ ही प्रधानमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे. एक्सप्रेसवे के दोनों किनारों पर औद्योगिक गलियारे बनाए जाएंगे. यहां विभिन्न प्रकार के उद्योग स्थापित होंगे. लाजिस्टिक सुविधा बेहतर होने से स्थानीय कारोबारियों, छोटे व्यापारियों आदि को भी लाभ होगा. पूर्वांचल के छोटे-छोटे जिलों से अब लखनऊ और दिल्ली की दूरी घट गई है. दस घंटे का सफर महज साढ़े तीन से चार घंटे में तय किया जा सकेगा. इस पूर्वांचल एकसप्रेसवे का लाभ बिहार के सीमावर्ती जिलों को भी सीधे मिल सकेगा.

सुपर हरक्युलिस से एक्सप्रेसवे पर ही उतरेंगे मोदी

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर जो हवाई पट्टी बनाई गई है, उसके बारे में दावा किया गया है कि उस पर किसी भी प्रकार का वाहन उतारा जा सकता है. लोकार्पण के दौरान ही इसका प्रमाण भी सबके सामने होगा. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वायुसेना के सी-130 जे सुपर हरक्युलिस ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट से आ रहे हैं. वह सुलतानपुर के कूरेभार में एक्सप्रेसवे पर बनाई गई हवाई पट्टी पर ही उतरेंगे. यहीं पर वायुसेना के मिराज-2000 सहित अन्य लड़ाकू विमानों की लैंडिंग कराई जाएगी. अवनीश अवस्थी ने बताया कि पीएम मोदी की जनसभा के बाद लगभग 45 मिनट का एयर शो होगा, इसमें वायुसेना के जांबाज जवान लड़ाकू विमानों के जरिये युद्ध कौशल दिखाएंगे. इसके लिए वायुसेना ने काफी तैयारी की है.

Post a Comment

0 Comments