लेबर एस पार्टी व भारतीय किसान सेना का विलय
सपा के बढ़ते कुनबे से भाजपा हुई भयभीतः अखिलेश
लखनऊ। प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने छोटे दलों के साथ गठबंधन के क्रम में सोमवार को एक और कदम आगे बढ़ाया है. सोमवार को समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में पॉलिटिकल जस्टिस पार्टी ने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन की घोषणा की. इसी दौरान लेबर एस पार्टी तथा भारतीय किसान सेना का सपा में विलय हुआ. इनके नेताओं ने पार्टियों के समाजवादी पार्टी में विलय की भी घोषणा की. भारतीय किसान सेना के रामराज सिंह पटेल भी इस अवसर पर मौजूद थे. लेबर एस पार्टी के विलय से पहले महान दल के साथ सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने भी समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन किया है. इस दौरान कई दलों के नेता समाजवादी पार्टी में शामिल हुए. अखिल भारतीय नवनिर्माण पार्टी ने भी समाजवादी पार्टी में विलय किया. बदायूं से कांग्रेस के पूर्व सांसद सलीम शेरवानी तथा कांग्रेस की पूर्व सांसद अन्नू टंडन ने दो दर्जन नेताओं को समाजवादी पार्टी में शामिल कराया. समाजवादी पार्टी के प्रमुख ने कुंवर हर्षित की किताब दी सोशलिस्ट हीरो का विमोचन भी किया. पॉलिटिकल जस्टिस पार्टी ने सपा का समर्थन किया.
गठबंधन तथा विलय कार्यक्रम के बाद अखिलेश यादव ने मीडिया को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अब समाजवादी पार्टी के बढ़ते कुनबे को देखकर बेहद भयभीत है. भाजपा ने तो प्रदेश को बर्बाद कर दिया है. यहां पर कानून बनाकर मजदूर को जकड़ा जा रहा है. इनको सरकार ने लॉकडाउन में अनाथ छोड़ दिया था. अखिलेश यादव ने ललितपुर के पीड़ित परिवार की एक लाख की मदद दी. उन्होंने बताया कि आज ही से सुल्तानपुर में समाजवादी पार्टी के नेताओं को घर में कैद किया गया है. यहां पर एक्सप्रेस-वे के सभी एंट्री प्वाइंट को बोल्डर लगाकर बंद किया गया है. प्रधानमंत्री कल जिस पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे, उसका निर्माण तो समाजवादी पार्टी ने किया है. इसके कार्य को जल्दी निपटाने के चक्कर में ऐसा बनाया गया है कि इस पर लम्बा सफर करने वालों की कमर में दर्द होगा. हमारे कार्यकर्ता सांकेतिक रूप से इसका उद्घाटन करेंगे. समाजवादी पार्टी की सरकार में हम सभी एक्सप्रेस-वे किनारे मंडी बनाएंगे.

0 Comments