पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे पर आज दौड़ेगी अखिलेश की विजय रथ यात्रा


गाजीपुर से होकर दोपहर में पहुंचेगी आजमगढ़, जगह-जगह स्वागत की तैयारी



आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का आगमन बुधवार को गाजीपुर के पखनपुरा में हो रहा है. पूर्व मुख्यमंत्री 11.30 बजे पखनपुरा में जनसभा को संबोधित करेंगे. इसके बाद 12.30 बजे वे विजय रथ में सवार होकर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे. यात्रा के दौरान वे आजमगढ़, मऊ, अंबेडकर, अयोध्या सुल्तानपुर, अमेठी, बाराबंकी में जनसंपर्क और सभाएं भी करेंगे. जिला प्रशासन सपा नेता के आगमन की तैयारियां की चाक-चौबंद व्यवस्था में लगा है. मौके पर कई थानों की पुलिस तैनात होने के साथ जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है. दूसरी ओर सपा के नेता और पदाधिकारी जनसभा स्थल पर भीड़ जुटाने के लिए आस-पास के गांवों में संपर्क कर रहे थे. वाहनों के इंतजाम से लेकर जनसभा स्थल तक आने-जाने की व्यवस्था का मौका मुआयना किया गया. जनसभा को संबोधित करने के बाद अखिलेश यादव दोपहर 12.30 हैदरिया से एक्सप्रेस-वे के रास्ते विजय रथ पर सवार होकर आठ जिलों से होते हुए लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे. आगामी विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर समाजवादी पार्टी से गठबंधन करने के बाद सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर पहली बार अखिलेश यादव के साथ यात्रा में शामिल होंगे. इसे लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. वह गाजीपुर से लखनऊ तक होने वाली समाजवादी विजय यात्रा में रहेंगे.

आजमगढ़ में जगह-जगह स्वागत की तैयारी

समाजवादी विजय रथ यात्रा 12.30 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से होते हुए आजमगढ़ में पहुंचेगी. इस दौरान एक्सप्रेस-वे पर जगह-जगह उनका स्वागत होगा. आजमगढ़ में सपा के जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से 17 नवंबर को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर पहुंचने की अपील की है. जिलाध्यक्ष ने कहा कि सन 2022 में सपा सरकार बनेगी. उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता इस बात को जानती है कि आजमगढ़ व प्रदेश का विकास अखिलेश यादव ने ही किया है. सरकार डर रही है. इसीलिए राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के कार्यक्रम को अनुमति नहीं दी गई जो 16 नवंबर प्रस्तावित थी. अब जनता इसका जवाब जरूर देगी.

Post a Comment

0 Comments