पत्नी-बेटी की गला रेत कर ली जान, खुद भी लगाई फांसी



हरदोई। जनपद के हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के सदर बाजार में घरेलू कलह के चलते सराफा व्यापारी ने शनिवार की शाम घर पर चार साल की बेटी और पत्नी का चाकू से गला रेत दिया. इसके बाद खुद फांसी लगाकर जान दे दी.
घटना के समय व्यापारी के माता-पिता कन्नौज गए हुए थे. सूचना पर मौके पर पहुंचे एसपी अजय कुमार ने बताया कि घरेलू कलह में वारदात को अंजाम दिया गया. हरपालपुर कस्बे के सदर बाजार निवासी अनूप शर्मा (32) की सोने-चांदी के जेवर की दुकान है. शनिवार को वह पत्नी दीपा शर्मा (30) और पुत्री बिट्टो (चार) के साथ घर पर ही थे. जबकि पिता सुधीश शर्मा, अपनी पत्नी कांती शर्मा के साथ कन्नौज में बेटी की ससुराल गए थे. शाम को लगभग साढ़े छह बजे सुधीश और कांती कन्नौज से लौटे तो कमरे में दीपा और बिट्टो का शव देखकर बदहवास हो गए. दोनों की गला रेतकर हत्या की गई थी. उसी कमरे में अनूप छत के कुंडे से लटका हुआ था. तीनों के शव देख सुधीश ने शोर मचाया. तो आसपास के लोग पहुंचे औैर पुलिस को जानकारी दी.
 एसपी, सीओ सिटी विकास जायसवाल के साथ मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना किया. एसपी ने बताया कि प्राथमिक जांच से पता चला कि घरेलू कलह में अनूप ने दीपा और बिट्टो की गला रेतकर हत्या की फिर खुद फांसी लगा ली. अनूप के पिता सुधीश ने यही घटना बताते हुए तहरीर दी है. तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.

Post a Comment

0 Comments