सीएम योगी आज 1400 लोगों का सच करेंगे आवास का सपना



गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर रविवार को गोरखपुर आएंगे. वह मानबेला में आयोजित कार्यक्रम में करीब 1400 लोगों को आवास का तोहफा देंगे. सोमवार को मुख्यमंत्री भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन को संबोधित करेंगे. दोपहर बाद वनटांगिया लोगों के साथ संवाद करेंगे. सोमवार की शाम को मुख्यमंत्री लखनऊ के लिए रवाना हो सकते हैं.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार की शाम करीब पांच बजे एयरपोर्ट पर आएंगे. वहां से मानबेला में गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा आयोजित प्रधानमंत्री आवासों के लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. मुख्यमंत्री मंच से कुछ लाभार्थियों को आवास की प्रतीकात्मक चाबी एवं कब्जा प्रमाण पत्र प्रदान करेंगे. यहां करीब 1400 आवंटियों को बुलाया गया है. इस कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री गोरखनाथ मंदिर जाएंगे. अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन को लेकर तैयारियों की समीक्षा कर सकते हैं. वह गोरखनाथ मंदिर में रात्रि विश्राम करेंगे. सोमवार की अपराह्न एक बजे चंपा देवी पार्क में आयोजित भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के बूथ सम्मेलन में शामिल होंगे. शाम 3.30 बजे रजही के खाले टोला जाएंगे और वनटांगिया परिवारों के साथ संवाद करेंगे. मुख्यमंत्री सोमवार की शाम को लखनऊ रवाना हो जाएंगे.

आवास का सपना होगा पूरा

लंबे समय से किराए के मकान में रह रहे लोगों के आवास का सपना पूरा होने जा रहा है. मुख्यमंत्री की मौजूदगी में उन्हें चाबी वितरित की जाएगी. जीडीए की ओर से कब्जा प्रमाण पत्र तैयार किया है. मौके पर सभी आवंटियों को कब्जा प्रमाण पत्र मिल सकता है. जीडीए ने मानबेला में 1488 आवास बनाए हैं. करीब 1400 लोगों को आवास आवंटित किए जा चुके हैं. इनमें से 75 लोग पूर्ण भुगतान कर चुके हैं. कई लोगों की आखिरी किस्त बाकी है. जीडीए की ओर से आखिरी किस्त के लिए निर्धारित समय सीमा जनवरी 2022 में पूरी होगी. महापौर सीताराम जायसवाल ने शनिवार की शाम मानबेला पहुंचकर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने आवासों के लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियां देखीं. कार्यक्रम की तैयारियों से संतुष्ट महापौर ने बताया कि प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना सबको आवास के तहत लगातार निराश्रित लोगों को आवास दिया जा रहा है.

Post a Comment

0 Comments