जमीन विवाद में बांका से चचेरी बहनों को उतारा मौत के घाट



जौनपुर। सिकरारा थाना क्षेत्र के हरखपुर (कुकरिहांव) गांव में गुरुवार की सुबह पुश्तैनी खेत में शौचालय का निर्माण कराने से मना करने पर भाई व भाभी ने मिस्त्री के साथ मिलकर अपने दो चचेरी बहनों की धारदार हथियार से मारकर नृशंस हत्या कर दी. पुलिस गिरफ्तार आरोपित दंपती पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है. एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है. उक्त गांव निवासी पेशे से वाहन चालक शिव शंकर पांडेय पत्नी संग मुंबई रहते हैं. घर पर उनका पुत्र जतिन पांडेय उर्फ बंटी व दो अविवाहित पुत्रियां 26 वर्षीय पूर्णिमा पांडेय व 20 वर्षीय अंतिमा पांडेय थीं. शिवशंकर के बड़े भाई रमाशंकर पांडेय भी रोजी-रोटी के सिलसिले में मुंबई ही रहते हैं. घर के बगल स्थित पुश्तैनी एक बीघा जमीन का बंटवारा नहीं हुआ है. सभी आपसी सहमति से उसमें खेती करते हैं. 

गुरुवार को रमाशंकर पांडेय का पुत्र आशीष पांडेय अपनी पत्नी ममता पांडेय को लेकर खेत में शौचालय का निर्माण कराने लगा. जतिन, पूर्णिमा व अंतिमा बिना बंटवारा हुए निर्माण कराने पर एतराज करने लगीं. इस पर कहासुनी होने लगी. इसी दौरान आशीष ने बांका से पूर्णिमा व अंतिमा के गले व शरीर के अन्य हिस्सों में कई प्रहार कर दिया. दोनों लहूलुहान होकर गिर पड़ीं. जब तक अस्पताल ले जाया जाता दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. नृशंस वारदात से पूरे गांव में सनसनी फैल गई. 

सूचना मिलते ही सीओ सदर रणविजय सिंह, थानाध्यक्ष सैय्यद हुसैन मुंतजर पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए. आशीष पांडेय व उसकी पत्नी ममता पांडेय को गिरफ्तार कर लिया. जतिन पांडेय उर्फ बंटी की तहरीर पर पुलिस आरोपित दंपती के विरुद्ध थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया है. एएसपी सिटी डा. संजय कुमार ने बताया कि सगे भाइयों रमाशंकर पांडेय व शिवशंकर पांडेय के बच्चों के बीच शौचालय निर्माण को लेकर विवाद हुआ. चचेरे भाई ने बांका से प्रहार कर दो चचेरी बहनों की हत्या कर दी. हत्यारोपित दंपती को गिरफ्तार कर बांका बरामद कर लिया गया है. अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है.

Post a Comment

0 Comments