अहरौला में जहरीली शराब नहीं बल्कि कार्डियक अरेस्ट से हुई मौतः डीएम



आजमगढ़। जनपद के अहरौला के ग्राम समसल्लीपुर में दो व्यक्तियों की संदिग्ध मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा हुआ कि उनकी मौत जहरीली शराब से नहीं बल्कि कार्डियक अरेस्ट से हुई। जिलाधिकारी राजेश कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि  जनपद के अहरौला के ग्राम समसल्लीपुर में मंगरू राजभर पुत्र पुंदन उम्र करीब 60 वर्ष व छोटे लाल राजभर पुत्र रधुवीर राजभर की मौत की सूचना संबंधित थाने पर दी गई। जिसमें उनके अस्वस्थ रहने के कारण मृत्यु होना बताया गया।

पुलिस ने जब मौके पर पहुंचकर छानबीन की तो उनके परिजनों ने शराब का सेवन करने संबंधी बात भी बताई गई। स्थानीय पुलिस ने मृतकों का नियमानुसार पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार दोनों की मौत का कारण शाक ड्यू टू एंटी मार्टम कार्डियक अरेस्ट पाया गया है। जिस व्यक्ति से उपरोक्त मृतकों द्वारा शराब ली गई थी उसी से शराब लेकर सात अन्य व्यक्तियों ने ली। जिसमें विक्रेता भी शामिल है। उन सभी व्यक्तियों की स्थिति चिकित्सीय टीम द्वारा ठीक पाई गई। जिस व्यक्ति से इन लोगों ने शराब ली गई थी उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शराब का सैंपल लेकर परीक्षण हेतु भेजा गया है। उन्होंने बताया कि अभी तक की गई जांच व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण जहरीली शराब का नहीं पाया गया है। सैंपल परीक्षण रिपोर्ट व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। 

Post a Comment

0 Comments